![]()
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का रेडियो कॉलर युक्त हाथी कॉलर-4 एक बार फिर बाणसागर डैम में तैरकर मैहर वन परिक्षेत्र पहुंच गया। हाथी की लगातार निगरानी और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और सामान्य वन मंडल की टीमें जुटी थीं। बुधवार रात मैहर के मनकहरी गांव के पास वन विभाग की टीम ने हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अभियान में चार कुमकी हाथियों के साथ 100 से अधिक वनकर्मी और अधिकारी तैनात रहे। चार हाथियों की मदद से किया रेस्क्यू हाथी की निगरानी के लिए वन विभाग की संयुक्त टीम लगातार प्रयास कर रही थी। बुधवार रात टीम को सफलता मिली। मनकहरी गांव के पास से हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद उसे लेकर टीम कल्लवाह परिक्षेत्र के लिए रवाना हुई। 100 किलोमीटर का सफर तय करेगा हाथी रेस्क्यू के बाद हाथी को कल्लवाह के जंगल में रखा जाएगा। यहां उसकी लगातार निगरानी की जाएगी। मैहर से कल्लवाह पहुंचने के लिए टीम को करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करना होगा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने गुरुवार को बताया कि हाथी की सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उसकी सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता है। हाथी पानी से होकर चला जाता, इसलिए टीम उसे सड़क के रास्ते वापस लाने का प्रयास करती है। उसे कल्लवाह के जंगल में सुरक्षित रखा जाएगा।
publish_date
कॉलर-4 हाथी बाणसागर डैम तैरकर मैहर पहुंचा:मनकहरी गांव के पास से रेस्क्यू; 4 हाथियों और 100 वनकर्मियों की टीम ने संभाला अभियान
