![]()
शहडोल जिले में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में जिले में ठंड का असर तेज हो गया है। कल्याणपुर एक बार फिर प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शामिल हुआ है। 17-18 नवंबर की रात यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में दूसरा सबसे कम रहा। अब ठंड के बीच बारिश का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर से शहडोल और डिंडोरी में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में करोंदी सबसे ठंडा मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कटनी जिले के करोंदी में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं कल्याणपुर में पारा 9 डिग्री रहा। दोनों स्थानों के तापमान में केवल 0.1 डिग्री का अंतर रहा। पिछले साल भी कल्याणपुर कम तापमान के कारण चर्चा में रहा था। इस सीजन में दूसरी बार यह प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों की सूची में शामिल हुआ है। 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। उमरिया में 10.9, रीवा में 11, दमोह में 11.2, मलाजखंड में 11.8 और जबलपुर में 11.9 डिग्री तापमान रहा। नौगांव में 12, छिंदवाड़ा और खजुराहो में 12.2, सीधी में 12.4 और मंडला में 12.5 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 13 और इंदौर में 14 डिग्री रहा। चक्रवाती सिस्टम से बदलेगा मौसम मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 20 नवंबर से मौसम में बदलाव हो सकता है। शहडोल और डिंडोरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले 24 घंटे में चार इंच से अधिक बारिश होने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सीधी और अनूपपुर में 21 नवंबर को बारिश का अनुमान है। 22 नवंबर को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
publish_date
शहडोल में बढ़ी ठंड, रात का तापमान 9 डिग्री:प्रदेश में दूसरा सबसे ठंडा स्थान; शहडोल-डिंडोरी में 20 नवंबर से बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
