Headlines

दवाई में देरी, डांटने पर पूर्व आईएएस की हत्या की:वरुण ने पूछताछ में बताया- पूर्व अधिकारी बात-बात पर गाली देते थे, वारदात से पहले फटकारा था




रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी वरुण वाल्मीकि ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने कबूलनामे में बताया कि राकेश अग्रवाल उसे बात-बात पर गालियां देते थे। हत्या वाली रात भी दवाई देने में देरी को लेकर उन्होंने उसे जमकर फटकारा था। इसके कुछ देर बाद ही आरोपी ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के मन में अधिकारी के व्यवहार को लेकर नाराजगी थी। हालांकि, उसने घर में रखी नकदी और कीमती सामान लूटने की योजना भी बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वरुण वाल्मीकि केयरटेकर बनकर राकेश अग्रवाल के घर पहुंचा था। घर के बाहर लगी रिटायर्ड IAS की नेम प्लेट देखकर उसे लगा था कि यहां मोटी रकम मिल सकती है। उसने घर में 10 से 20 लाख रुपए मिलने की उम्मीद लगा रखी थी। इ सी इरादे से उसने घर में काम करना शुरू किया था। लेकिन घर में राकेश अग्रवाल की डांट-फटकार से वह परेशान रहने लगा था। रात 12 बजे दवाई को लेकर लगाई थी फटकार पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाली रात राकेश अग्रवाल काफी गुस्से में थे। आरोपी के मुताबिक, दवाई देने में देरी होने पर उन्होंने उसे जमकर डांटा और गालियां दीं। उन्होंने उससे कहा- ‘तू यहां क्या करने आया है? तेरी यहां जरूरत नहीं, दफा हो।’ इस बात से आरोपी नाराज हो गया। करीब दो घंटे बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। राकेश अग्रवाल को रात करीब 12 बजे आखिरी बार जागते हुए देखा गया था। वे काफी गुस्से में थे। इसके बाद उनकी पत्नी ने उन्हें नींद की दवा देकर सुला दिया था। इसी दौरान आरोपी ने घर में वारदात को अंजाम देने की तैयारी की। उसने गैस सिलेंडर खोल दिए और कपड़ों पर प्रेस रखकर उसका स्विच भी चालू कर दिया। पत्नी की नींद खुलने पर उन्होंने प्रेस बंद की और पुलिस को सूचना दी। लूट के इरादे से आया, हत्या कर भागा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घर से लाखों रुपए लूटने की उम्मीद लेकर आया था। उसे लगा था कि यहां से 10 से 20 लाख रुपए मिल सकते हैं। लेकिन घर में अपेक्षा के मुताबिक नकदी और कीमती सामान नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब रात 1:40 से 2:20 बजे के बीच राकेश अग्रवाल की हत्या की। इसके बाद वह घर से निकल गया। हत्या के करीब 102 मिनट बाद आरोपी भोपाल छोड़ चुका था। वह रात करीब 2:30 बजे घर से निकला और सुबह 4:12 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचकर एक्सप्रेस ट्रेन से फरार हो गया। पुलिस ने उसे आगरा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद भी उसके चेहरे पर मुस्कान थी और उसे हत्या का कोई अफसोस नहीं था। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। उससे हत्या में इस्तेमाल हथियार, लूट की योजना और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *