![]()
सीधी रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र के भंवरसेन की पहाड़ी पर काली माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी पर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया है। बुधवार को पुलिस, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दोनों तरफ से मार्ग बंद कराया। रामपुर नैकिन थाना और खड्डी चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोका। व्यवस्था संभालने के लिए 18 पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई। संकरे रास्ते पर हादसे का खतरा पहाड़ी पर माता के दर्शन के लिए लगातार श्रद्धालु पहुंच रहे थे। यहां तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा और जोखिम भरा है। ऐसे में अधिक संख्या में लोगों के आने-जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मार्ग बंद करने का निर्णय लिया। निरीक्षण के बाद लिया निर्णय रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सामने आया कि रास्ता संकरा होने के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। भीड़ बढ़ने से दुर्घटना हो सकती थी। इसे देखते हुए वन विभाग और अन्य कर्मचारियों के सहयोग से रास्ता बंद कराया गया। दोनों तरफ पुलिस बल तैनात कार्रवाई के दौरान पहाड़ी के दोनों ओर पुलिस बल तैनात किया गया। रामपुर नैकिन थाना और खड्डी चौकी की टीम ने लोगों को रोककर व्यवस्था संभाली। वन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। फिलहाल पहाड़ी पर जाने वाले मार्ग को बंद रखकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
publish_date
भंवरसेन पहाड़ी पर जाने का रास्ता बंद:दुर्घटना की आशंका पर प्रशासन का फैसला; पुलिस-वन विभाग ने की घेराबंदी, 18 जवान तैनात
