![]()
मुरैना में चंबल नदी से रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए मुरैना पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज सिंह ने बुधवार रात जिले में बनाए गए स्थायी और अस्थायी नाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेकिंग व्यवस्था का जायजा लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने वन चौकी, देवपुरी मंदिर, अल्लावेली चौकी, सराय का पुरा, नायक पुरा और मेथाना सहित छह स्थानों पर पहुंचकर चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती, ड्यूटी के दौरान सतर्कता और संदिग्ध वाहनों की जांच की प्रक्रिया का जायजा लिया। एसपी ने निर्देश दिए कि चंबल नदी के घाटों से निकलने वाले संभावित रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाए। रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। रेत से भरे वाहनों के दस्तावेजों की होगी जांच
एसपी ने रेत का परिवहन करने वाले वाहनों के दस्तावेज और वैध अनुमति की जांच करने के निर्देश दिए। किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और रेत परिवहन के संभावित मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग करने के साथ अचानक चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा। अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने नाकों पर तैनात पुलिस बल को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अवैध उत्खनन या परिवहन से जुड़ी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि चंबल नदी से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थायी और अस्थायी नाकों के माध्यम से निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
publish_date
मुरैना SP में रात में 6 नाकों का निरीक्षण किया:अवैध रेत कारोबार पर शिकंजा; चंबल घाटों से निकलने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
