Headlines

गोवर्धन पूजा पर 9 पशुपालकों को गोपाल कृष्ण पुरस्कार मिला:प्रथम पुरस्कार में मिले 1-1 लाख रुपए, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश




बैतूल। गोवर्धन पूजा के अवसर पर रविवार को भारत भारती गोशाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक हेमंत खंडेलवाल ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन और आरती की। उन्होंने गौमाता को गोग्रास भी अर्पित किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को गोपाल कृष्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कुल 9 पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के तहत राशि वितरित की गई। इस दौरान विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के संरक्षण और गौसेवा का संदेश देती है। विकास के साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गाय के दूध, गोबर और गोमूत्र से कई उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। गौवंश का संरक्षण और इन उत्पादों का सदुपयोग समाज और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी है। भारत भारती गोशाला समिति के सचिव मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि गोशाला में करीब 200 गोवंश का पालन किया जा रहा है। यहां गोपालन के साथ जैविक कृषि और पंचगव्य उत्पादों का निर्माण भी किया जाता है। तीन श्रेणियों में बांटे पुरस्कार गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के तहत प्रथम पुरस्कार में 1-1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार में 50-50 हजार और तृतीय पुरस्कार में 25-25 हजार रुपए दिए गए। पुरस्कार पाने वालों में भौरा, हिरवरखेड़, भीमपुर और खेड़ीसांवलीगढ़ के पशुपालक शामिल हैं। कार्यक्रम में गौसेवकों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसपी अमित सक्सेना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *