![]()
देवास शहर के राधागंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक महिला ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जान देने से ठीक पहले महिला ने अपने भाई को वॉट्सऐप पर एक शिकायती पत्र भेजा था, जिसमें उसने पति के अवैध संबंध, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से तंग आने की बात लिखी थी। उसने यह भी आशंका जताई थी कि अगर भविष्य में उसे या उसके बच्चे को कुछ होता है, तो इसके लिए उसका पति और वह दूसरी महिला जिम्मेदार होंगे। महिला थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की बात कह रही थी, लेकिन पुलिस तक पहुंचने से पहले ही उसकी जीवनलीला समाप्त हो गई। सुबह 9 बजे भाई को भेजा लेटर मृतका के भाई राज धाकड़ ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उनकी बहन प्रिया धाकड़ ने उन्हें वॉट्सऐप पर महिला थाना प्रभारी के नाम लिखा एक शिकायती आवेदन भेजा था। लेटर देखते ही राज ने प्रिया को फोन किया। बातचीत में प्रिया ने बताया कि वह पति नवीन धाकड़ के दूसरी महिला से संबंधों और रोजाना की प्रताड़ना से बुरी तरह टूट चुकी है और अब महिला थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने जा रही है। राज ने बहन को समझाते हुए कहा कि वह परेशान न हो और उनके साथ आकर रहे। इस पर प्रिया ने भावुक होकर कहा कि अगर तुमने किसी से इस बारे में बात की, तो मेरा मरा हुआ मुंह देखोगे। भाई के मुताबिक, फोन कटने के बाद उन्होंने प्रिया को करीब 10 बार कॉल किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कुछ ही देर बाद पति नवीन का फोन आया और उसने बताया कि प्रिया ने फांसी लगा ली है और वह उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहा है। यह खबर सुनते ही शाजापुर जिले के सुनेरा गांव से मायके पक्ष के लोग तुरंत देवास जिला अस्पताल पहुंचे। पति अस्पताल छोड़कर भागा जिला अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद प्रिया को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रिया को अस्पताल लाने और मायके वालों को सूचना देने के बाद पति नवीन वहां से चला गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा करते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रिया ने अपने वॉट्सऐप लेटर में लिखा था कि जब भी वह देवास की एक महिला से पति के संबंधों को लेकर सवाल करती थी, तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। पति उसे मायके वालों को कुछ भी बताने से रोकता था। भाई राज का आरोप है कि नवीन के पिछले करीब पांच साल से उस महिला से अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। परिवार ने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन हालात नहीं सुधरे। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि पति पैसों की मांग करता था और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद वे अपनी बहन की खुशी के लिए समय-समय पर पैसे देते रहते थे। 7 साल पहले हुई थी शादी, 5 साल के बेटे के भविष्य की थी चिंता मूल रूप से घीचलाय और मायका सुनेरा (शाजापुर) निवासी प्रिया की शादी करीब सात साल पहले नवीन धाकड़ से हुई थी। उनका पांच साल का एक बेटा रुद्राक्ष है। प्रिया उज्जैन रोड स्थित एक किराना मार्ट में काम करती थी। अपने शिकायती पत्र में उसने अपने पांच साल के बेटे की परवरिश और भविष्य को लेकर भी गहरी चिंता जताई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस मृतका द्वारा भेजे गए वॉट्सऐप लेटर, मोबाइल कॉल डिटेल्स और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
publish_date
"मुझे कुछ हो जाए तो पति और दूसरी महिला जिम्मेदार":सुसाइड से पहले भाई को भेजा पत्र, लिखा- रोजाना की प्रताड़ना से टूट चुकी हूं
