![]()
जबलपुर के विजय नगर स्थित रॉयल क्राउन स्पा में काम कर चुकी कक्षा 12वीं की एक छात्रा मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंची। उसने पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। छात्रा ने स्पा संचालक आशुतोष पांडेय पर अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर धमकियां दिलवाने के आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले दर्ज मामले में जब वह कोर्ट में आपत्ति लगाने पहुंची तो वहां कुछ वकीलों ने उस पर बयान बदलने और समझौता करने का दबाव बनाया। उसे घर से उठवाने और गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। छात्रा ने अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। जुलाई 2026 में स्पा में शुरू की थी नौकरी छात्रा के मुताबिक, उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए वह पढ़ाई के साथ काम भी करती है। पहले उसने कपड़े की दुकान में नौकरी की थी। इसके बाद जुलाई 2026 में एकता चौक, विजय नगर स्थित रॉयल क्राउन स्पा में काम शुरू किया। आरोप है कि काम के दौरान स्पा संचालक उस पर गलत नजर रखता था, अश्लील टिप्पणियां करता था और शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करता था। छात्रा का कहना है कि वह लगातार संचालक से दूरी बनाकर अपना काम करती रही। 3 सितंबर को गलत हरकत का प्रयास, थाने में दर्ज हुआ केस छात्रा के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे संचालक ने उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। इसके बाद उसकी शिकायत पर विजय नगर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/2026 दर्ज किया गया। शिकायत में बीएनएस की धारा 115(2), 296(बी) और 74 का उल्लेख है। छात्रा ने बताया कि आरोपी ने इस मामले में अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय और हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन दोनों जगह से उसे राहत नहीं मिली। छात्रा का आरोप है कि जब वह इस मामले में आपत्ति लगाने के लिए कोर्ट पहुंची तो वहां मिले तीन-चार वकीलों ने उस पर बयान बदलने और समझौता करने का दबाव बनाया। उसे घर से उठवाने और गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। इसके बाद से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। 2025 में भी स्पा के खिलाफ महिला ने की थी शिकायत रॉयल क्राउन स्पा और उसके संचालक आशुतोष पांडेय पर इससे पहले भी गंभीर आरोप सामने आ चुके हैं। 30 जुलाई 2025 को नरसिंहपुर जिले की 31 वर्षीय महिला ने स्पा सेंटर के खिलाफ शिकायत की थी। महिला ने एएसपी से मुलाकात कर स्पा से जुड़े कथित अश्लील ऑडियो-वीडियो भी सौंपे थे। उसने आरोप लगाया था कि आशुतोष पांडेय भाजपा विधायक अभिलाष पांडेय के नाम की धमकी देता था और कहता था कि विधायक उसके समाज के हैं, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हालांकि, इन आरोपों पर विधायक अभिलाष पांडेय ने स्पष्ट किया था कि आरोपी से उनका किसी भी तरह का संपर्क नहीं है और वे पीड़िता के साथ हैं। भोपाल, दिल्ली, पंजाब और नेपाल से युवतियां बुलाने का आरोप एसपी को दिए आवेदन में छात्रा ने आरोप लगाया है कि स्पा संचालक गरीब और मजबूर परिवारों की लड़कियों को नौकरी देकर उन पर अनैतिक गतिविधियों के लिए दबाव बनाता है। उसने यह भी दावा किया है कि ग्राहकों की मांग पर भोपाल, दिल्ली, पंजाब और नेपाल से युवतियों को बुलाया जाता है। छात्रा ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संचालक के खिलाफ विजय नगर थाने में वर्ष 2025 में अपराध क्रमांक 374/2025 दर्ज हुआ था। इस मामले का प्रकरण क्रमांक एसटी 587/2025 है और यह न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस बोली- शिकायत मिली, जांच कर रहे हैं विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि एसपी कार्यालय से एक शिकायत पत्र मिला है। इसमें छात्रा ने स्पा सेंटर संचालक पर आरोप लगाए हैं। शिकायत की जांच की जा रही है।
publish_date
रॉयल क्राउन स्पा सेंटर संचालक पर छेड़छाड़ के आरोप:छात्रा ने एसपी से मांगी सुरक्षा, धमकी देने की भी बात लिखी; पुलिस जांच जारी
