![]()
भोजपुरी समाज के लोक आस्था और उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शनिवार को खरना के साथ दूसरे दिन में पहुंच गया। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना की और खीर व गेहूं की रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत हो गई। अब व्रती रविवार शाम को डूबते सूर्य और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण करेंगे। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत हुई थी। इस दिन व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई और स्नान के बाद सात्विक भोजन तैयार किया। इसमें अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाई गई। छठ पूजा में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा के तहत भोजन में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल नहीं किया जाता। आज दोपहर से घाट पहुंचेंगे व्रती रविवार को डाला छठ के अवसर पर शीतलदास की बगिया, कमला पार्क घाट पर मुख्य आयोजन होगा। दोपहर 2 बजे से व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाट पहुंचना शुरू होगा। व्रती सूप में ठेकुआ, ऋतु फल, अक्षत, दीप-धूप सहित पूजन सामग्री सजाकर कमर तक पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ महापर्व का समापन होगा। घाट पर 2100 दीपों से होगा दीपदान भोजपुरी एकता मंच समिति की ओर से घाट पर विशेष सजावट की तैयारी की गई है। इस बार 2100 दीपों का दीपदान, नौका विहार, आतिशबाजी और 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा प्रस्तावित है। बिहार के प्रसिद्ध गायक हंसनाथ मिश्रा उर्फ मिट्ठू मिश्रा और वाराणसी के गायक सक्षम शर्मा अपने साथी कलाकारों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। ठेकुआ के लिए मुफ्त गेहूं पिसाई की व्यवस्था भोजपुरी एकता मंच की ओर से ठेकुआ महाप्रसाद बनाने के लिए 13 और 14 नवंबर को नि:शुल्क गेहूं पिसाई की व्यवस्था की गई थी। इसका शुभारंभ शुक्रवार को एडीजी एससीआरबी जयदीप प्रसाद ने संकट मोचन हनुमान मंदिर, कमला पार्क परिसर में पूजा-अर्चना के बाद किया था। समिति के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद के अनुसार नगर निगम के सहयोग से घाट की साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन, बिजली, पेयजल, चेंजिंग रूम, चलित शौचालय और गोताखोरों की व्यवस्था की जा रही है।
publish_date
खरना के साथ छठ महापर्व का दूसरा दिन आज:आज, शाम को खीर-रोटी का प्रसाद ग्रहण कर शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत
