![]()
नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में 5 नवंबर को हुई एक सभा को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने और धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को अपर कलेक्टर अरविंद सिंह को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में राधे झारिया निवासी लमेटा, जबलपुर, नीलेश काकोड़िया निवासी गोरखपुर, नरसिंहपुर और प्रीतम उईके निवासी सिवनी के नाम शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन लोगों ने ग्राम मुंगवानी में बिना शासन की अनुमति के सभा के लिए लोगों को इकट्ठा किया था। धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ बयान देने का आरोप शिकायत के मुताबिक, सभा में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया गया। साथ ही सनातन हिंदू संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए गए। ज्ञापन में राधे झारिया के आपराधिक रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने आशंका जताई कि इस तरह के बयानों से धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ सकता है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने सभा की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
publish_date
मुंगवानी की सभा में धर्मांतरण का प्रलोभन, तीन पर आरोप:धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत, वीडियो-ऑडियो जांचकर कार्रवाई की मांग की
