विनय यादव। इंदौर19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली में राहुल गांधी ने फिर प्रियंका सेंगर से मुलाकात की।
मध्य प्रदेश के बड़वानी की प्रियंका सेंगर की जिंदगी में एक हादसे ने अंधेरा कर दिया था। महज 3 साल की उम्र में आंख में चूना गिरने से एक आंख की रोशनी चली गई। परिवार ने इलाज कराने की कोशिश की, लेकिन आर्थिक स्थिति आड़े आ गई। ऑपरेशन नहीं हो सका।
सालों तक प्रियंका एक आंख से दुनिया देखने की कोशिश करती रहीं। पढ़ाई जारी रखी। मुश्किलों का सामना किया, लेकिन आंख की रोशनी लौटने की उम्मीद नहीं छोड़ी।
अब उनकी जिंदगी में नई सुबह आई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयासों से दिल्ली में उनकी आंख का सफल ऑपरेशन हुआ है। ऑपरेशन के बाद प्रियंका को पहले से बेहतर दिखाई देने लगा है।
खास बात यह है कि दिवाली के बाद भाई दूज के मौके पर प्रियंका को राहुल गांधी ने फिर दिल्ली बुलाया और कहा कि ‘किसी भी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है।’
इसके बाद इंदौर लौटीं प्रियंका ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद अब उन्हें काफी बेहतर दिखाई दे रहा है।

दिल्ली बुलाकर कराया ऑपरेशन
19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से संवाद किया था। इसी दौरान प्रियंका सेंगर ने सरकारी छात्रावासों में सीटों की कमी, भोजन और अन्य सुविधाओं की समस्या उठाई थी।
चर्चा के दौरान राहुल गांधी की नजर उनकी आंख पर गई। उन्होंने पूछा तो प्रियंका ने बताया था कि जब वह महज 3 साल की थीं, तब उनकी आंख में चूना चला गया था। इसके कारण एक आंख की रोशनी चली गई थी।
प्रियंका ने बताया था कि 12वीं कक्षा के दौरान बड़ौदा में उनकी आंख का एक ऑपरेशन हुआ था। डॉक्टरों ने आगे एक और ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि इलाज का खर्च उठा सके।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने उनके इलाज की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया था। इसके बाद उनकी टीम ने परिवार से संपर्क किया और इलाज के लिए दिल्ली बुलाया।

छात्रों की गूंज कार्यक्रम में प्रियंका की आंख पर राहुल की नजर पड़ी थी।
दिल्ली में 2 दिन जांचें हुईं; तीसरे दिन ऑपरेशन
प्रियंका ने बताया कि राहुल गांधी की टीम की ओर से संपर्क किए जाने के बाद उन्हें दिल्ली बुलाया गया। 27 सितंबर को तारीख को दिल्ली पहुंचने के बाद अस्पताल में उनकी जांच शुरू हुई।
2 दिन तक डॉक्टरों ने जरूरी जांचें कीं और तीसरे दिन एक अक्टूबर को ऑपरेशन किया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन हुआ।
इस दौरान पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे लगातार साथ रहे। दिल्ली यात्रा और इलाज की पूरी प्रक्रिया में कांग्रेस नेता पोरलाल खरते का भी सहयोग रहा।

एक अक्टूबर को दिल्ली में प्रियंका का ऑपरेशन किया गया।
कुछ समय बाद आंख में लेंस भी लगेगा
प्रियंका ने बताया कि मेरा ऑपरेशन हो गया है और अब मुझे पहले से काफी बेहतर दिखाई दे रहा है। अभी इलाज चल रहा है। कुछ समय बाद आंख में लेंस भी लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आने-जाने के टिकट से लेकर अस्पताल और इलाज तक का पूरा खर्च राहुल गांधी की ओर से उठाया गया। परिवार को किसी तरह का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा।

दिल्ली में राहुल गांधी के साथ प्रियंका, उनके पिता पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे।
राहुल पूछा- अब कितना दिखाई देता है?
11 नवंबर 2026 को भाई दूज के अवसर पर प्रियंका सेंगर को एक बार फिर दिल्ली बुलाया गया। इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी ने प्रियंका, उनके पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे से व्यक्तिगत मुलाकात की।
प्रियंका ने बताया कि राहुल गांधी की टीम की ओर से संदेश आया था कि उन्हें भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली बुलाया है। वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ दिल्ली पहुंचीं। मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने सबसे पहले उनका हालचाल जाना और आंखों के ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति के बारे में पूछा।
राहुल गांधी ने उनसे पूछा कि ‘अब तबीयत कैसी है और कितना दिखाई दे रहा है। किसी भी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है।’

राहुल गांधी के साथ सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे।
मुलाकात में भी प्रियंका ने उठाए मुद्दे
राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान प्रियंका ने सिर्फ अपने इलाज की बात नहीं की, बल्कि विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को भी उनके सामने रखा। उन्होंने छात्रवृत्ति, आवास राशि, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
प्रियंका ने बताया कि उन्होंने पहले भी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रावासों की समस्याएं उठाई थीं। इस बार भी उन्होंने विद्यार्थियों की परेशानियों को दोहराया।
इस पर राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि जिस तरह उनकी व्यक्तिगत समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए गए हैं, उसी तरह छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठा
इस मुलाकात में सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के सही क्रियान्वयन का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता है। वहीं प्रियंका के पिता उदय सिंह सेंगर ने किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को सामने रखा।

अब अनजान लोग भी फोन कर पूछते हैं हालचाल
प्रियंका के मुताबिक- सामाजिक स्तर पर भी उन्हें और उनके परिवार को एक नई पहचान मिली है। प्रियंका ने बताया कि अब कई ऐसे लोग भी फोन करके उनका हालचाल पूछते हैं, जिन्हें वह पहले व्यक्तिगत रूप से जानती तक नहीं थीं।
दिल्ली जाने और इलाज की प्रक्रिया में कई लोगों ने सहयोग किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधायक विक्रांत भूरिया ने भी उनसे संपर्क कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

गांव में बढ़ा सम्मान, पिता को गर्व
प्रियंका ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का असर उनके परिवार और गांव में भी देखने को मिला है। जब उनके गांव का नाम लिया जाता है तो वहां के लोग भी गर्व महसूस करते हैं कि उनके गांव की बेटी इतने बड़े मंच पर अपनी बात रखने पहुंची और उसकी समस्या का समाधान हुआ।
प्रियंका के पिता भी इस बात से बेहद खुश हैं कि उनकी बेटी का ऑपरेशन हो सका और उसे बेहतर दिखाई देने लगा है। परिवार के लिए यह केवल आंख का इलाज नहीं, बल्कि वर्षों से अधूरे पड़े एक सपने के पूरा होने की शुरुआत है।
ये खबरें भी पढ़ें…
राहुल गांधी ने बड़वानी की प्रियंका को दिल्ली बुलाया

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की प्रियंका सेंगर की आंख के इलाज के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टीम ने संपर्क किया है। इंदौर में 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने प्रियंका से मंच पर बातचीत की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
जेन–जी स्टूडेंट्स के प्रोफेसर बने राहुल

हाथ में माइक, पीछे बड़ी स्क्रीन पर चलता पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) और सामने बैठे हजारों छात्र…। इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी का अंदाज एक प्रोफेसर जैसा था। पढ़ें पूरी खबर…
2. इंदौर में ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट’ की सियासी जंग

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान भर्ती परीक्षा का मुद्दा छाया रहा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के छात्रों ने भर्तियों, नर्सिंग शिक्षा, शिक्षक भर्ती, आदिवासी इलाकों की स्वास्थ्य सेवाओं और परीक्षा गड़बड़ियों से जुड़े 5 मुद्दे उठाए। पढ़ें पूरी खबर…

