Headlines

बेटी ने कहा था-मम्मी जीतकर आना…मां ने खाए 100 पतासे:उज्जैन की अनोखी प्रतियोगिता में कमाल; 2100 रुपये का इनाम मिला




उज्जैन शहर की पहचान तरह-तरह के भंडारों से है, लेकिन इस बार कालिदास अकादमी में रविवार शाम को लगे पानी पतासा भंडारे ने सबका ध्यान खींचा। यहां लोगों को पेट भर पतासे खिलाने के साथ ही सबसे ज्यादा पतासे खाने की प्रतियोगिता भी कराई गई। प्रतियोगिता में एक महिला ने 100 पानी पतासे खाकर सबको चौंका दिया। महिला को मंच से 2100 रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि स्वीटी सक्सेना इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की तैयारी करके नहीं आई थीं। उनकी बेटी ने उनसे सिर्फ इतना कहा था कि मम्मी, जा रही हो तो जीतकर आना। बेटी की इसी बात को स्वीटी ने चुनौती मान लिया और हिम्मत जुटाकर 100 पतासे खा लिए। स्वीटी ने बताया कि आखिरी दौर में उनके लिए पतासे खाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन बेटी की खातिर उन्होंने हार नहीं मानी। स्वीटी ने 100 पतासे खाकर बढ़ाया उत्साह कार्यक्रम में नेताओं और अतिथियों का स्वागत भी फूल-मालाओं के बजाय पानी पतासे खिलाकर किया गया। आयोजन स्थल पर दो टेबल लगाई गई थीं, जिन पर पतासे सजाए गए थे। साथ ही आलू का मसाला और पानी रखा गया था। लोग अपने हाथों से पतासे बनाकर खा रहे थे। कोई 15-20 पतासे खाकर रुक गया तो कई प्रतिभागियों ने 50 से ज्यादा पतासे खाए। 100 पतासे खाने वाली स्वीटी के लिए लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। 10 हजार रुपए और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का था लक्ष्य आयोजक डॉ. महेंद्र यादव ने बताया कि ठहाका सम्मेलन समिति और डॉ. महेंद्र यादव सेवा समिति की ओर से दीपावली मिलन समारोह के तहत इस अनोखे पानी पतासा भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। प्रतियोगिता में 180 सेकंड में 193 पानी पतासे खाने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ने पर 10 हजार रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी। साथ ही गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से भी 51 हजार रुपए का पुरस्कार दिए जाने की बात कही गई थी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *