Headlines

दिग्विजय सिंह की पदयात्रा अशोकनगर से निकली:बोले- लोगों का समर्थन ही मेरे संकल्प की असली ताकत




पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ रविवार को अशोकनगर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से होकर निकली। इस दौरान शहर में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर शामिल हुईं। दिग्विजय सिंह ने शहर के युगल सरकार मंदिर और राजराजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना भी की। यात्रा की शुरुआत शहर के तुलसी पार्क से हुई। यहां से पदयात्रा कुड़ी घाट और चंदेरी रोड स्थित पलकटोरी होते हुए ग्राम मड़खेड़ा पहुंची। मड़खेड़ा में दोपहर के भोजन और विश्राम के लिए यात्रा को कुछ देर रोका गया। इसके बाद यात्रा फिर से आगे बढ़ी और देर शाम अमरौद गांव पहुंची, जहां एक मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूरे रास्ते में स्थानीय लोगों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने दिग्विजय सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने लोगों से मिल रहे इस स्नेह और समर्थन को अपने संकल्प की असली ताकत बताया। श्रीराम के चंदे में गड़बड़ी और वोट चोरी के खिलाफ उठा रहे आवाज यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस पदयात्रा का मुख्य मकसद प्रभु श्रीराम के नाम पर इकट्ठा किए गए चंदे व चढ़ावे में हुई गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सत्य, न्याय और पारदर्शिता की आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के असली मूल्यों की रक्षा करने और समाज में भाईचारा व सद्भाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ यह यात्रा आगे बढ़ रही है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *