![]()
मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए। आग से कार पूरी तरह जल गई। हादसा रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ। कार (MP66 ZC 4783) में सवार तीनों युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढ़न, सिंगरौली लौट रहे थे। टैंकर चालक ने कार को घिसटता देख वाहन रोक दिया। इसी दौरान कार में आग लग गई। तीनों युवक किसी तरह बाहर निकल आए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी साथियों के साथ रुक गए। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ राहत कार्य में मदद की। कार को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल कराया गया। तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज घायलों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय; आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बैढ़न, जिला सिंगरौली के रहने वाले हैं। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार ने बताया कि तीनों घायलों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
publish_date
टैंकर में घुसी कार, 100 मीटर तक घिसटी,फिर लगी आग:जबलपुर से सिंगरौली लौट रहे तीनों युवक, कार जली; तीनों की हालत गंभीर
