![]()
ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित वेंकटेश्वर अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात एक युवक का शव फ्लैट के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान अंबाह निवासी संतोष शर्मा के रूप में हुई है। वह ग्वालियर की एक बीमा कंपनी में नौकरी करता था। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे मिलने पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे में मिले एक रजिस्टर में युवती का जिक्र करते हुए कुछ पंक्तियां लिखी मिली हैं। इनमें उसने लिखा है कि उसने युवती के साथ काफी समय बिताया और वह बहुत अच्छी है। साथ ही, अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात लिखी है। पुलिस के अनुसार, जिस फ्लैट में संतोष का शव मिला, वह एक युवती ने किराए पर लिया था। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि युवती संतोष के साथ इसी फ्लैट में रहती थी। पुलिस ने युवती से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह पीएचडी के काम से बाहर गई है। फिलहाल पुलिस युवती के साथ संतोष के संबंधों और उसकी मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। बी-ब्लॉक के जी-8 फ्लैट में मिला शव घटना वेंकटेश्वर अपार्टमेंट के बी-ब्लॉक स्थित जी-8 फ्लैट की है। गुरुवार रात कमरे में संतोष का शव पंखे से लटका देखकर पुलिस को सूचना दी गई। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. कोक सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। फोन कॉल और चैट हिस्ट्री की जांच से उसकी मौत से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग की आदत की भी जांच शुरुआती जानकारी में संतोष के ऑनलाइन गेमिंग में काफी सक्रिय रहने की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के लेनदेन या किसी अन्य वजह से वह तनाव में तो नहीं था। हालांकि, गेमिंग में बड़ी रकम हारने, कर्ज होने या इसी वजह से खुदकुशी करने की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। कमरे में मिले रजिस्टर में युवती के संबंध में लिखी पंक्तियों के बाद पुलिस उसके साथ संतोष के संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। युवती के बाहर होने की बात और अपार्टमेंट के लोगों से मिली जानकारी को जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस बोली- सभी पहलुओं पर जांच जारी विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविंद्र जाटव ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल खुदकुशी के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले हैं। मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
publish_date
ग्वालियर में बीमा कंपनी के कर्मचारी ने की खुदकुशी:ऑनलाइन गेमिंग और लिव-इन का चक्कर, रजिस्टर में लिखा-उसे कोई विलेम नहीं देना
