![]()
छतरपुर के सिविल लाइन थाने में पदस्थ ASI सीताराम का 2 हजार रुपए लेते हुए वीडियो मंगलवार रात को सामने आया है। फरियादी भवानीदीन प्रजापति ने यह वीडियो खुद मीडिया को दिया है। उनका आरोप है कि 22 हजार रुपए के लेन-देन से जुड़ा मामला सुलझने और राजीनामा होने के बाद भी पुलिसकर्मी उन्हें परेशान कर रहे थे। भवानीदीन ने बताया कि वह दिव्यांग हैं और उनकी एक आंख से दिखाई नहीं देता। उनके अनुसार, मामला निपटाने के लिए उनसे 5 हजार रुपए मांगे गए थे। परेशान होकर उन्होंने 2 हजार रुपए दिए और इसी दौरान वीडियो बना लिया। अब वह मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की बात कह रहे हैं। बैग में रुपए रखते दिख रहे ASI सामने आए वीडियो में कथित तौर पर ASI सीताराम फरियादी का बैग खुलवाकर उसमें रुपए रखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाए जाने के दौरान पुलिसकर्मी को यह पूछते हुए भी सुना जा सकता है- ‘क्या रिकॉर्डिंग कर रहे हो?’ फरियादी बोला- मामला सुलझने के बाद भी परेशान किया फरियादी का कहना है कि लेन-देन का मामला सुलझ चुका था और शिकायत वापस लेने के लिए आवेदन भी दिया जा चुका था। इसके बावजूद उसे बेवजह परेशान किया गया और रुपए देने पड़े। भवानीदीन का कहना है कि वह वीडियो के आधार पर संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। वीडियो और रिश्वत के आरोपों को लेकर ASI सीताराम या पुलिस विभाग के अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष अब तक सामने नहीं आया है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना और लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित अधिकारियों के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
publish_date
छतरपुर में ASI पर दिव्यांग से 2हजार लेने का आरोप:फरियादी का बैग खुलवाकर रुपए रखते दिखे, पूछा- क्या रिकॉर्डिंग कर रहे हो?
