Headlines

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी:मऊगंज में 2 KM दौड़े हजारों लोग, राष्ट्रीय एकता की ली शपथ




मऊगंज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिला प्रशासन ने ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों ने दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुआ। कलेक्टर राजेश कुमार ओंगरे ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद दौड़ रवाना हुई। करीब 2 किलोमीटर की दौड़ कलेक्ट्रेट से शहर के प्रमुख रास्तों से होते हुए पीएमश्री शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय पहुंची। कार्यक्रम का समापन सुबह 10 बजे हुआ। दौड़ में शामिल लोगों ने सरदार पटेल के विचारों को याद किया और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया। कलेक्टर ने कार्यक्रम से एक दिन पहले संबंधित अधिकारियों को आयोजन के निर्देश दिए थे। कार्यक्रम में कलेक्टर राजेश कुमार ओंगरे, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई, अपर कलेक्टर पीके पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी साची पाठक और परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल शामिल हुए। नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी दौड़ में शामिल हुए।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *