![]()
ग्वालियर में मकान गिरवी रखकर बैंक से 15 लाख रुपए का लोन लेने वाले कबाड़ कारोबारी की आत्महत्या के मामले में करीब सात महीने बाद पुलिस ने दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कारोबारी ने दोनों को कुल 11 लाख रुपए उधार दिए थे। आरोप है कि बार-बार मांगने के बावजूद उन्होंने रकम नहीं लौटाई और उसे प्रताड़ित करने लगे। इससे परेशान होकर 40 वर्षीय नवल किशोर जाटव ने 30 मार्च 2026 की रात जहरीली गोलियां खा ली थीं। पांच दिन इलाज के बाद 4 अप्रैल को उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और नवल के मरणासन्न बयान के आधार पर शुक्रवार रात दीपक धनवरिया और श्याम तिवारी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मकान गिरवी रख कारोबार में लगाए थे 15 लाख दीदार कॉलोनी निवासी नवल किशोर जाटव ने दिसंबर 2025 में अपना मकान बैंक में गिरवी रखकर 15 लाख रुपए का लोन लिया था। उन्होंने यह रकम कबाड़ के कारोबार में लगाई थी। कारोबार के सिलसिले में नवल ने दीपक धनवरिया को 9.50 लाख और श्याम तिवारी को 1.50 लाख रुपए उधार दिए थे। रुपए मांगने पर प्रताड़ित करने का आरोप बैंक की किस्तों का दबाव बढ़ने पर नवल ने दोनों से अपने 11 लाख रुपए वापस मांगे। आरोप है कि दोनों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 30 मार्च की रात नवल ने गेहूं में रखने वाली जहरीली गोलियां खा लीं। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे। मरणासन्न बयान में दोनों के नाम बताए इलाज के दौरान डॉक्टरों की अनुमति से पुलिस और नायब तहसीलदार ने नवल के बयान दर्ज किए थे। मरणासन्न बयान में उन्होंने दीपक और श्याम पर रुपए नहीं लौटाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। 4 अप्रैल की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच के बाद दर्ज की एफआईआर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और मरणासन्न बयान के आधार पर अब दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। एफएसएल की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
publish_date
ग्वालियर…सुसाइड के सात महीने बाद दोस्तों पर केस दर्ज:मकान गिरवी रख लिया था लोन, दोस्तों ने 11 लाख लिए; वापस मांगे तो प्रताड़ित किया
