Headlines

Gwalior GRMC Medical Student Harassment Case



ग्वालियर जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज का फाइल फोटो

ग्वालियर के गजरा राजा मेडिकल कॉलेज (GRMC) में एक मेडिकल छात्रा के साथ उसके ही सहपाठी द्वारा गर्ल्स वॉशरूम में छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है।

.

आरोप है कि छात्र लंबे समय से पीड़िता का पीछा कर उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। छात्रा के इनकार करने पर उसने जबरन गर्ल्स वॉशरूम में ले जाकर अश्लील हरकत की और कपड़े उतारने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

शनिवार को पीड़िता की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दोस्ती से इनकार करने पर शुरू किया पीछा

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने वर्ष 2025 में गजरा राजा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। इसी दौरान उसकी पहचान अपने बैच के छात्र नितेश कुमार उर्फ सिद्धार्थ कुशवाह से हुई। कुछ समय तक दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही। इसके बाद नितेश ने छात्रा से प्रेम का इजहार किया, लेकिन छात्रा ने इनकार करते हुए केवल दोस्त बने रहने की बात कही।

आरोप है कि इसके बाद नितेश ने छात्रा को परेशान करना शुरू कर दिया। वह लगातार उसका पीछा करता और रास्ते में रोककर बातचीत करने का दबाव बनाता था। साथ ही परिवार के सामने बदनाम करने की धमकी भी देता था। छात्रा ने इसकी शिकायत कॉलेज के शिक्षकों से भी की थी, लेकिन आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।

गाड़ी की चाबी छीनी, गर्ल्स वॉशरूम में खींचकर ले गया

पीड़िता के मुताबिक, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे वह 1000 बिस्तर वाले अस्पताल के पास थी। इसी दौरान आरोपी नितेश वहां पहुंचा और उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद वह छात्रा को जबरन जीआरएमसी कॉलेज के गर्ल्स वॉशरूम में खींचकर ले गया।

आरोप है कि आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर छात्रा के साथ अश्लील हरकत की और उस पर कपड़े उतारने का दबाव बनाया। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। गर्दन पकड़कर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद छात्रा डर गई और बदनामी के डर से दो दिन तक किसी को इसकी जानकारी नहीं दी।

31 अक्टूबर को दर्ज हुई FIR

घटना के दो दिन बाद 30 अक्टूबर को छात्रा ने अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन 31 अक्टूबर को उसे लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी नितेश कुमार उर्फ सिद्धार्थ कुशवाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) (यौन उत्पीड़न), 78(2) (पीछा करना), 115(2) (मारपीट), 126(2) (रास्ता रोकना), 351(2) (धमकी) और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सीएसपी बोले- आरोपी की तलाश जारी, जल्द करेंगे गिरफ्तार

झांसी रोड सर्किल के सीएसपी बिंदुसार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *