नरसिंहपुर में बस को बचाने में LPG कंटेनर पलटा:केबिन में फंसे ड्राइवर को जेसीबी मदद से निकाला, गैस रिसाव की आशंका पर ट्रैफिक डायवर्ट




नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में बुधवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर LPG गैस से भरा कंटेनर पलट गया। हादसा जबलपुर-भोपाल मार्ग पर एसडीएम कार्यालय के सामने कट प्वाइंट पर हुआ। कंटेनर की चपेट में आने से चालक केबिन में दब गया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय युवाओं ने जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकाला। उसे घायल हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। चालक को हल्की चोटें आई हैं। कंटेनर नंबर MP 13 ZD 6344 भोपाल से LPG गैस लेकर जबलपुर के शहपुरा जा रहा था। कट प्वाइंट पर सामने आई यात्री बस को बचाने की कोशिश में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर सड़क पर पलट गया। थाना प्रभारी किशोर वामनकर ने बताया कि चालक को अस्पताल पहुंचाया गया है। कंटेनर से गैस रिसाव की आशंका के चलते जबलपुर-शहपुरा से विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम बुलाई गई है। टीम कंटेनर की सुरक्षा और गैस रिसाव की जांच करेगी। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट कर वाहनों को सिंगल लेन से निकाला जा रहा है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने की अपील की है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *