![]()
गुरुवार को प्रदेशभर के सरकारी स्कूलों में शिक्षक ई-अटेंडेंस नहीं लगा पाए। स्कूल शिक्षा विभाग के ‘हमारे शिक्षक’ ऐप में तकनीकी दिक्कत के कारण यह परेशानी आई। ऐप में सुबह की पाली और पूरे दिन की पाली का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा था। साथ ही लॉगिन समय में अचानक बदलाव होने से सुबह और पूरे दिन की पाली में काम करने वाले शिक्षक अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए। कई शिक्षक निर्धारित समय पर अटेंडेंस लगाने की कोशिश करते रहे, लेकिन ऐप में जरूरी विकल्प उपलब्ध नहीं थे। ऐप में केवल दोपहर, ऑन ड्यूटी और रात्रि के विकल्प दिखे शिक्षकों के अनुसार, ऐप में केवल दोपहर (Afternoon), ऑन ड्यूटी (OD) और रात्रि (Night) के विकल्प प्रदर्शित हो रहे थे। सुबह और पूरे दिन की पाली में काम करने वाले शिक्षकों के लिए जरूरी विकल्प उपलब्ध नहीं थे। इस तकनीकी समस्या के कारण अनेक शिक्षक चाहकर भी निर्धारित समय पर अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए। शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने स्कूल शिक्षा विभाग का ध्यान इस तकनीकी समस्या की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू करने से पहले ऐप की तकनीकी खामियों को दूर करना जरूरी है। साथ ही सभी विद्यालयों के वास्तविक समय और कार्यप्रणाली के अनुरूप विकल्प उपलब्ध कराए जाने चाहिए। ऑफलाइन उपस्थिति मान्य करने और कार्रवाई नहीं करने की मांग उपेन्द्र कौशल ने मांग की कि ऐप की तकनीकी त्रुटियों के कारण जिन शिक्षकों की ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं हो पाई है, उनकी विद्यालय की उपस्थिति पंजी में दर्ज उपस्थिति को प्रमाण माना जाए। ऐसे शिक्षकों की उस दिन की ऑफलाइन उपस्थिति मान्य की जाए। उनके वेतन अथवा सेवा संबंधी किसी भी तरह की प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाए। कौशल ने कहा कि तकनीकी खामी का खामियाजा शिक्षकों को नहीं भुगतना चाहिए। ई-अटेंडेंस व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता और सुगमता होना चाहिए। तकनीकी समस्याओं के कारण शिक्षकों को अनावश्यक मानसिक परेशानी और आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़े। सभी पालियों के विकल्प और लॉगिन समय तत्काल सुधारने की मांग उन्होंने विभाग से मांग की कि ‘हमारे शिक्षक’ ऐप की तकनीकी विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए। सभी पालियों के विकल्प उपलब्ध कराए जाएं और लॉगिन समय को विद्यालयों के वास्तविक समय के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
publish_date
प्रदेशभर के शिक्षक ई-अटेंडेंस नहीं लगा पाए:ऐप में सुबह और पूरे दिन की शिफ्ट का विकल्प गायब; लॉगिन टाइमिंग बदलने से परेशान
