भोपाल में एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन से पहले रविवार को हॉकी के प्रचार-प्रसार और महिला शक्ति के सम्मान के लिए वॉकथॉन निकाली गई। मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर की अगुवाई में होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकली इस वॉ
.
आयोजन का उद्देश्य शहरवासियों को 19 नवंबर से शुरू होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से जोड़ना और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
हॉकी को बढ़ावा देने के लिए आयोजन
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लक्ष्य है कि हर युवा खेलों से जुड़े। हॉकी मध्यप्रदेश और भोपाल की शान है। इसका अतीत गौरवशाली रहा है और भविष्य को भी उतना ही सुनहरा बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हॉकी को लगातार बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें खिलाड़ी ही नहीं, आम नागरिक भी भागीदार बनें।

हॉकी के प्रचार के लिए जुटे शहरवासी।
19 नवंबर को सीएम करेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि बरखेड़ा नाथू में करीब 900 करोड़ रुपए की लागत से इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है। इसका पहला चरण बनकर तैयार हो चुका है। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की शुरुआत भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से 19 नवंबर से यहां एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक चैंपियनशिप तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके दौरान हॉकी के विभिन्न आयामों पर चर्चा, सेमिनार और खेल के उन्नयन से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। वॉकथॉन के माध्यम से खिलाड़ियों और हॉकी से जुड़े वरिष्ठ लोगों ने खेल को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। सारंग के मुताबिक भोपाल इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और कुछ टीमें शहर पहुंच भी चुकी हैं।

वॉकथॉन में शामिल हुए हॉकी खिलाड़ी।
6 देशों की टीमें, करीब 150 महिला खिलाड़ी लेंगी हिस्सा
19 से 28 नवंबर तक होने वाली एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 150 महिला खिलाड़ियों के मैदान पर उतरने की उम्मीद है। सभी मुकाबले बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। प्रतियोगिता का प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से किया जाएगा।
FHI कैटेगरी-1 स्टेडियम वाला देश का दूसरा शहर बना भोपाल
अंतरराष्ट्रीय हॉकी सुविधाओं के मामले में भी भोपाल ने उपलब्धि हासिल की है। शहर को एफआईएच कैटेगरी-1 स्टेडियम का गौरव मिला है। इस उपलब्धि के साथ भोपाल देश का दूसरा ऐसा शहर बना है, जहां इस श्रेणी का हॉकी स्टेडियम मौजूद है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी से भोपाल को वैश्विक हॉकी मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
