![]()
बालाघाट में मंगलवार को जनसुनवाई पुलिस कंट्रोल रूम के बजाय एसपी कार्यालय में हुई। पुलिस ने पहले कंट्रोल रूम में जनसुनवाई होने की सूचना जारी की थी। इसके बाद वहां पहुंचे शिकायतकर्ताओं को एसपी कार्यालय जाना पड़ा। एसपी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में एसपी मलय जैन ने एडीएसपी नितेश भार्गव और निहित उपाध्याय के साथ लोगों की समस्याएं सुनीं। रजेगांव निवासी प्रकाश पेंढारीकर ने आरोप लगाया कि किरनापुर थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी सुनील बिसेन ने एक आवेदक के साथ मिलकर उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई। प्रकाश के मुताबिक, उनसे 5 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं और पैसे नहीं देने पर दूसरे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि प्रकाश के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज है और उसकी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रकाश की कोई शिकायत है तो उसकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी मलय जैन ने बताया कि अब हर मंगलवार को थाना और मुख्यालय स्तर पर जनसुनवाई होगी। इसमें लोगों की शिकायतें सुनकर उनका समाधान किया जाएगा।
publish_date
एसपी की जन सुनवाई में पुलिसकर्मी की शिकायत:पांच हजार रुपए मांगने का आरोप, स्थान बदलने से आवेदन देने आए लोग हुए परेशान
