![]()
निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला सुरक्षित है। जिला प्रशासन ने ताला तोड़ने और बिना प्रक्रिया खजाना खोलने की खबरों को भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। प्रशासन के मुताबिक, खजाना डबल लॉक में सुरक्षित है। न ताले से छेड़छाड़ हुई और न ही अंदर रखी सामग्री को हाथ लगाया गया। 2017 के बाद चढ़ाई गई सामग्री का बनेगा रिकॉर्ड खजाने का आखिरी सत्यापन वर्ष 2017 में हुआ था। इसके बाद श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में चढ़ाई गई नई सामग्री और बहुमूल्य वस्तुओं का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर सामग्री का सत्यापन और पंजीयन भी किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर और श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिड़े ने छह सदस्यीय जांच दल बनाया है। समिति की बैठक के बाद दल ने खजाने के कक्ष का शुरुआती निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य आगामी सत्यापन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता और कार्ययोजना का आकलन करना था। वीडियोग्राफी और पंचनामा भी तैयार किया प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और पंचनामा भी तैयार किया गया। ओरछा के तहसीलदार, जो मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक भी हैं, इस दौरान मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल खजाने में रखी सामग्री का विस्तृत सत्यापन नहीं किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं को देखते हुए विस्तृत सत्यापन के लिए अनुकूल समय तय किया जाएगा। जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद जांच दल आगे की कार्रवाई करेगा। मंदिर में डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मंदिर की व्यवस्थाओं को पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। श्रद्धालु क्यूआर कोड और बारकोड के जरिए गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर सकते हैं। राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद और बुकिंग की सुविधा भी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है। मंदिर में मिलने वाले दान और चढ़ोतरी को डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ने की जानकारी प्रशासन ने दी है। इसके साथ ही आय-व्यय और दूसरे अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की तैयारी की जा रही है। प्रशासन के मुताबिक, दान राशि का सत्यापन, उसकी प्रविष्टि और रिकॉर्ड संधारण भी डिजिटल प्रणाली से व्यवस्थित किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि मंदिर की संपत्ति और श्रद्धालुओं के दान की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें और मंदिर से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक तथ्यों पर ही विश्वास करें।
publish_date
ओरछा रामराजा मंदिर के खजाने का ताला सुरक्षित:प्रशासन ने ताला तोड़ने की खबरों को भ्रामक बताया; 2017 के बाद चढ़ाई सामग्री का रिकॉर्ड बनेगा
