![]()
मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ‘मुख्यमंत्री’ के चेहरे पर कांग्रेस में राजनीति गरमाई
बारात अभी सजी भी नहीं और दूल्हा घोड़ी चढ़ने को तैयार हो गया। कांग्रेस में इन दिनों कुछ ऐसा ही चल रहा है। पार्टी के नेता प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनने का दावा कर रहे हैं। इसके साथ ही सीएम फेस को लेकर भी सियासी माहौल गरमाने लगा है। दीवाली मिलन के बहाने कमलनाथ कैंप ने राजधानी भोपाल में एक तरह से शक्ति प्रदर्शन किया। कमलनाथ तो नहीं आए, लेकिन बेटे नकुलनाथ को आगे कर दिया। खास बात यह रही कि इस दौरान नकुलनाथ के समर्थन में ‘हमारा सीएम कैसा हो, नकुल भैया जैसा हो’ के नारे भी लगे। इधर, कांग्रेस के सीनियर नेता अजय सिंह राहुल भैया जब मैहर पहुंचे तो उनके समर्थकों ने भी उनके लिए ‘प्रदेश का मुखिया कैसा हो, राहुल भैया जैसा हो’ के नारे लगाए। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इन दिनों लगातार एमपी में अगली सरकार कांग्रेस की बनने का दावा कर रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि सरकार बनती है तो सीएम फेस कौन होगा, तो पटवारी ने कहा कि मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं। फिर बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। दूसरी ओर, दिग्विजय सिंह सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। इसे लेकर लोग कह रहे हैं कि वे अपने विधायक बेटे जयवर्धन सिंह का राजनीतिक भविष्य संवारने के लिए पसीना बहा रहे हैं। हाल ही में यात्रा के दौरान उन्होंने अपने सिर का साफा बेटे जयवर्धन को पहना दिया था। लोगों ने इस घटनाक्रम के भी कई मायने निकाले। कुल मिलाकर, एमपी में विधानसभा चुनाव अभी करीब दो साल दूर हैं, लेकिन कांग्रेस में सीएम फेस की रेस अभी से शुरू हो गई है। खरी बात ये है कि लड्डू तो सबके मन में फूट रहे हैं, लेकिन पहली चुनौती तो चुनाव जीतने की है। महाकाल के दरबार में विधायक पुत्र की VIP भक्ति
इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला की भक्ति फिर चर्चा में है। वजह है उनकी महाकाल दर्शन की एक रील, जिसने मंदिर की व्यवस्थाओं और वीआईपी भक्तों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, रुद्राक्ष शुक्ला जब उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे तो उनकी एंट्री से लेकर दर्शन, आरती और मंदिर से बाहर निकलने तक बाकायदा रील शूट की गई। खास बात यह है कि मंदिर परिसर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद विधायक पुत्र की पूरी रील बनती रही और किसी ने उन्हें रोकने की जहमत तक नहीं उठाई। रील सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। सवाल उठे कि आम श्रद्धालुओं के लिए नियम-कायदे हैं, लेकिन क्या वीआईपी भक्तों के लिए अलग व्यवस्था है? आखिर प्रतिबंध के बावजूद मंदिर परिसर में वीडियो शूट कैसे होता रहा? मामला बढ़ा तो विधायक पुत्र की आवभगत में लगे मंदिर के सुरक्षाकर्मियों और एजेंसी पर कार्रवाई हो गई। फिर सवाल उठे कि जब नियम तोड़ने वालों की मदद करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है, तो नियमों का उल्लंघन करने वाले विधायक पुत्र पर क्या कार्रवाई होगी? इसके बाद मंदिर प्रबंध समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक साल के लिए प्रोटोकॉल और वीआईपी सुविधाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब वे अगले एक साल तक मंदिर में केवल सामान्य श्रद्धालु की तरह ही दर्शन कर सकेंगे। उन्हें किसी भी तरह की वीआईपी सुविधा या प्रोटोकॉल का लाभ नहीं मिलेगा। भाजपा विधायक का ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ कैंपेन
हाल ही में एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा था कि ‘मोदी तो जाएगा’। इसके जवाब में भाजपा ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ कैंपेन शुरू कर दिया था। अब भले ही यह कैंपेन थोड़ा पुराना हो गया हो, लेकिन शाजापुर जिले के कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अब तक यह राग छेड़ रखा है। उन्होंने ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ लिखे स्टीकर छपवाए हैं। बताया जा रहा है कि इन स्टीकरों को घर-घर चस्पा किया जा रहा है। इन स्टीकरों पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ विधायक घनश्याम चंद्रवंशी की फोटो भी छपी है। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि विधायक पार्टी आलाकमान की नजरों में आने के लिए यह सब कर रहे हैं। कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि विधायक का फॉर्मूला अच्छा है। प्रधानमंत्री मोदी के बहाने वे भी घर-घर तक पहुंच जाएंगे। यानी मोदी के नाम पर विधायक का भी प्रचार-प्रसार हो जाएगा। और अब अंदर की बात.. पावर नहीं, फिर भी कर दिया फेरबदल
एक विभाग के कमिश्नर ने अपने ही विभाग में दो अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल कर दिया। जबकि उन्हें ऐसा करने का अधिकार ही नहीं है। फिर क्या था, सीधे विभाग के मंत्री तक शिकायत पहुंच गई। दरअसल, इस तरह के फेरबदल का फैसला शासन स्तर पर होता है और इसमें मंत्री की सहमति भी ली जाती है। मामला एक निगम में एमडी का प्रभार देने को लेकर चर्चा में आया। अब मंत्री आगबबूला हो गए। उन्होंने सीधे विभाग के मुखिया को नोटशीट लिखकर अपनी नाराजगी जता दी। जैसे ही नोटशीट मंत्रालय पहुंची, विभाग के मुखिया ने तत्काल प्रभाव से कमिश्नर के आदेश को निरस्त कर दिया। वैसे, ये कमिश्नर इससे पहले भी अपने फैसलों को लेकर विवादों में रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई थी, जब उन्होंने विभाग में काम कर रही एक निजी कंपनी को मंत्रालय में ही ऑफिस के लिए कमरा देने की कोशिश की थी। हालांकि, मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो उन्होंने कंपनी को मंत्रालय के बजाय विभाग के मुख्यालय में जगह दे दी। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), मोहित राठौर (उज्जैन), पुरुषोत्तम परवानी (शुजालपुर) ये भी पढ़ें –
जिद पर आए सिंधिया, मंच पर घिरे मोहन: लाखों प्रतिशत में पहुंचा जीतू पटवारी का कॉन्फिडेंस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचे तो उनके सामने मंच से लेकर जनता तक पिछोर को जिला बनाने की मांग जोर-शोर से उठी। खासकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ही अंदाज में जनता को साथ जोड़ा और मुख्यमंत्री के सामने नए जिले की डिमांड की। पूरी खबर पढ़ें
publish_date
कांग्रेस में 'सीएम फेस' की रेस, नकुल के लगे नारे:विधायक पुत्र को महंगी पड़ी रील, VIP दर्शन बैन; भाजपा MLA का 'मोदी' के सहारे प्रचार
