Headlines

किसानों को 50 किमी दूर खाद लेने मिल रहे टोकन:पूर्व संसदीय सचिव ने लिखी पोस्ट, कई जिलों से ऐसी शिकायतें




खाद के लिए लागू की गई ऑनलाइन व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। किसानों को खाद के लिए टोकन गांव से 60-70 किलोमीटर दूर के केंद्रों के मिल रहे हैं। नजदीकी भंडारों में स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद सिस्टम दूर के वितरण केंद्र आवंटित कर रहा है, जिसकी वजह से किसान इधर-उधर भटकने को मजबूर हो रहे हैं। पूर्व संसदीय सचिव और बुन्देलखंड विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप सिंह बेबी राजा ने फेसबुक पर यह समस्या व्यक्त की है। बेबी राजा की फेसबुक पोस्ट यह क्या मजाक है? या सरकार को चुनाव हराने का कोई षड्यंत्र है। उदाहरण के रूप में मैं अपना टोकन जिससे खाद (डीएपी) प्राप्त होना है, सोशल साइट्स पर डालकर यह बताना चाहता हूं कि मैं बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम कन्नपुर में, जो छतरपुर जिले की सीमा पर है, अपनी जमीन पर खेती कराता हूं। मैंने ऑनलाइन खाद के लिए अप्लाई किया था और मुझे टोकन मिला है जय प्रकाश भंडार मऊ चुंगी, टीकमगढ़ का। जबकि बल्देवगढ़, खरगापुर में कलेक्टर महोदय की फेसबुक आईडी से पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पता चला है कि मोहनगढ़ क्षेत्र के किसानों को पलेरा के टोकन दिए गए। कुण्डेश्वर के किसान को बड़ागांव। ऐसे अनेकों उदाहरण जिस कारण किसान इधर-उधर भटकने को बाध्य है। गुस्साए किसान प्रशासन की इस व्यवस्था के कारण सरकार को खुले आम गालियां बक रहे हैं। इस व्यवस्था को सुधार करने जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर महोदय का ध्यान आकर्षित कर मांग करता हूं कि इसे सुधार कर नजदीक से नजदीक वाले भंडार से खाद उपलब्ध कराया जाए। जिससे किसान को भटकना न पड़े और हमारी सरकार की छवि धूमिल न हो। बैरसिया के दशरथ सिंह राजपूत को सीहोर का टोकन भोपाल जिले के बैरसिया क्षेत्र के किसान दशरथ सिंह राजपूत को स्थानीय भंडार में स्टॉक न दिखने पर लगभग 60 किलोमीटर दूर सीहोर की प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटी (PACS) का टोकन मिला। वे खेत में ट्रैक्टर और पानी चालू छोड़कर इतनी दूर खाद लेने पहुंचे। वहां भी लंबी कतार और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा। गुरगुंडा की निर्मला को बैतूल के पास का केंद्र बैतूल क्षेत्र के गुरगुंडा गांव की चिरायु बोर्ड सदस्य निर्मला को पिता के नाम पर टोकन लेने पर बैतूल के पास का वितरण केंद्र आवंटित हुआ, जो उनके गांव से करीब 50 किलोमीटर दूर था। परिवहन खर्च ज्यादा होने के कारण वे वहां से डीएपी और यूरिया नहीं ले सकीं। बार-बार टोकन बुक करने के बाद चौथी कोशिश में उन्हें 10-12 किलोमीटर दूर पहावाड़ी से यूरिया मिला। बुवाई का सही समय निकल जाने के बाद डीएपी डालना पड़ा। हार्दा और पांढुरना के कई किसान 100 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय करके बैतूल जिले के चिरायु केंद्र पहुंचे, क्योंकि उनके आसपास स्टॉक उपलब्ध नहीं दिखा। सागर के खिरिया खुर्द के शैलेंद्र सिंह सागर जिले के खिरिया खुर्द निवासी किसान शैलेंद्र सिंह के पास 27 एकड़ जमीन है। उन्हें 30 बोरी डीएपी की जरूरत थी, लेकिन टोकन के आधार पर महज 8 बोरी ही मिली। दूर-दराज से आने वाले किसानों का कहना है कि वे 200 रुपये तक का किराया लगाकर जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं और खाद ले जाने पर प्रति बोरी 80 रुपये तक का अतिरिक्त परिवहन खर्च भी झेलना पड़ रहा है। टीकमगढ़ की भाजपा जिला अध्यक्ष बोलीं: किसानों का हित सर्वोपरि पूर्व संसदीय सचिव सुरेन्द्र प्रताप सिंह बेबी राजा की फेसबुक पोस्ट को लेकर टीकमगढ़ की भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत ने फेसबुक पर लिखा- हमारी सरकार सदैव अन्नदाता किसानों के सम्मान, सुविधा और समृद्धि के लिए समर्पित रही है। जिले में खाद (डी.ए.पी.) का पर्याप्त भंडारण होने के बावजूद, ऑनलाइन टोकन आवंटन की वर्तमान तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्था के कारण हमारे किसान भाइयों को अनावश्यक रूप से भटकना पड़ रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है। हाल ही में क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव मध्यप्रदेश शासन सुरेंद्र प्रताप सिंह बुंदेला (बेबी राजा) की पोस्ट तथा ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी के माध्यम से यह गंभीर विषय संज्ञान में आया है। उदाहरण के तौर पर, बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम कन्नपुर (छतरपुर सीमा क्षेत्र) के किसान को खाद लेने के लिए टीकमगढ़ (मऊ चुंगी स्थित जय प्रकाश भंडार) का टोकन जारी किया गया है, जबकि बल्देवगढ़ और खरगापुर में ही पर्याप्त खाद उपलब्ध है। इसी प्रकार मोहनगढ़ क्षेत्र के किसानों को पलेरा और कुण्डेश्वर के किसानों को बड़ागांव के टोकन आवंटित कर दिए गए हैं। दूर-दराज के केंद्रों के टोकन मिलने से किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। जब जिले के स्थानीय गोदामों में पर्याप्त खाद मौजूद है, तो किसानों को 40 से 50 किलोमीटर दूर भेजने का कोई औचित्य नहीं है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *