![]()
छतरपुर में दीपावली की पूर्व संध्या पर चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया। घर में सोना-चांदी और नकदी नहीं मिली तो चोर मिठाई, खाने-पीने का सामान और बच्चों के खिलौने तक ले गए। फ्रिज से आइसक्रीम, बटर और चीज भी उठा ले गए। घर में रखे लड्डू, पेड़ा और बर्फी की पूरी परात भी चोर ले गए। परिवार के मुताबिक, चोरों ने कुछ लड्डू घर में ही खाए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सागर रोड स्थित भाजपा नेता और पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह बुंदेला के बंधवा परिसर की कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई। चोर घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। अलमारियां खंगालीं, किचन और फ्रिज का सामान भी ले गए घर की मालकिन रीना गुप्ता और विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने दीपावली के लिए मिठाइयां बनाई थीं। रात में परिवार बेडरूम में सो रहा था। चोरों ने दूसरे कमरों की अलमारियों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। परिवार ने बताया कि वे नकदी और सोने-चांदी के जेवर घर में नहीं रखते, बल्कि बैंक में रखते हैं। इसलिए चोरों को कोई कीमती सामान नहीं मिला। इसके बाद वे किचन और फ्रिज में रखा सामान ले गए। चोर बच्चों के बिस्किट, नमकीन, काजू, किशमिश, बादाम, खिलौने, एक्सरसाइज का सामान, ज्योमेट्री बॉक्स और स्कूल बैग भी ले गए। फ्रिज से आइसक्रीम, बटर और चीज उठाया। रीना गुप्ता के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे कुछ लड्डू भी खाए। रात 2:04 बजे CCTV में दिखे चोर विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब 2:04 बजे वे पानी पीने और बाथरूम जाने के लिए उठे थे। इसी दौरान CCTV कैमरों की स्क्रीन पर उन्हें घर में चोर दिखाई दिए। उनके दरवाजा खोलते ही चोर भागने लगे। परिवार के मुताबिक, चोरों की संख्या करीब 8 थी। इनमें से 5 घर के अंदर घुसे थे। सभी ने हाफ पैंट पहनी थी और चेहरे पर मास्क लगाया था। बाउंड्रीवाल फांदकर घुसे, चप्पल छोड़कर भागे चोर घर के पीछे की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर आए थे। पीछे बालू के ढेर और गैलरी में उनके पैरों के निशान मिले हैं। जल्दबाजी में चोर अपनी चप्पल भी घर में छोड़ गए। परिवार के अनुसार, चोरों ने पीछे वाले मकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर खड़ी पल्सर बाइक का लॉक तोड़कर ले जाने की कोशिश की। बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो उसे वहीं छोड़कर भाग गए। रीना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने इस तरह की चोरी न कभी सुनी और न देखी थी। खाने-पीने का सामान और बच्चों की चीजें तक चोरी होने से परिवार डरा हुआ है। साथ ही चोरों की इस हरकत पर आश्चर्य भी जता रहा है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। परिवार ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि चोरी का मामला सामने आया है। CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
publish_date
छतरपुर में दीपावली की रात अनोखी चोरी:सोना-चांदी नहीं मिला तो मिठाई, नमकीन और खिलौने ले गए 8 चोर; फ्रिज से बटर और आइसक्रीम भी खाई
