![]()
बड़वानी। अंजड़ में शनिवार को जयस संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विश्व आदिवासी दिवस पर दिए बयान का विरोध किया। संगठन ने 9 अगस्त को मध्यप्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित करने और मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस संबंध में नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग जयस तहसील अध्यक्ष सूरज अलावे ने बताया कि ज्ञापन में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर उठाए गए सवालों पर आपत्ति जताई गई है। संगठन ने संविधान की पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून और आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया। साथ ही जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकार सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया। संगठन ने शासन-प्रशासन से मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की। 10 नवंबर को भोपाल में दिया था बयान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10 नवंबर को भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान विश्व आदिवासी दिवस के औचित्य पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि आदिवासी दिवस मनाने जैसी कोई चीज नहीं है। साथ ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा 9 अगस्त को घोषित अवकाश को भाजपा सरकार द्वारा समाप्त किए जाने का आरोप भी विवाद का हिस्सा बना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का हवाला देते हुए आदिवासी समाज के नायकों के योगदान को फिर से स्थापित करने और उन्हें उचित सम्मान देने की जरूरत बताई थी। इसके बाद प्रदेश के आदिवासी संगठनों ने विरोध जताया है।
publish_date
बड़वानी में विश्व आदिवासी दिवस पर छुट्टी की मांग:जयस ने तहसीलदार को दिया ज्ञापन; सीएम के बयान का विरोध, कहा-सार्वजनिक माफी मांगे
