![]()
उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर पर्यटन जोन में बाघ दिखाने के लिए गाइड और जिप्सी चालक पर्यटकों को लेकर तय वन मार्ग छोड़कर जंगल के भीतर चले गए। इसी दौरान सहायक संचालक की गश्ती गाड़ी देखकर दोनों वहां से भाग निकले। जिप्सी की पहचान होने के बाद पर्यटन अधिकारी ने गाइड और चालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक 91 पनपथा बफर जोन में पर्यटकों को लेकर जंगल सफारी पर गया था। इसमें गाइड सुयश केसरी और जिप्सी चालक निखिल सिंह मौजूद थे। आरोप है कि बाघ दिखाने के लिए दोनों तय वन मार्ग से हटकर जंगल के भीतर चले गए। इसी दौरान सहायक संचालक जीतेंद्र अवासे इलाके में गश्त कर रहे थे। उनकी गाड़ी देखकर गाइड और चालक जिप्सी लेकर वहां से भाग निकले। हालांकि, तब तक वाहन की पहचान हो चुकी थी। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई पर्यटन अधिकारी राहुल किरार ने मंगलवार को दोनों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में कहा गया है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी। जीतेंद्र अवासे ने बताया कि उन्होंने वाहन को तय वन मार्ग से हटकर जंगल के भीतर जाते देखा था। मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तय वन मार्गों का पालन जरूरी है। जंगल के भीतर वाहन ले जाना पर्यटन नियमों का उल्लंघन है।
publish_date
बाघ दिखाने के लिए जिप्सी लेकर जंगल में घुसे गाइड-चालक:गश्ती वाहन देखकर भागे, बांधवगढ़ के पनपथा बफर जोन में तय रास्ता छोड़ने पर दोनों को नोटिस जारी
