बीजेपी सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जनसंघर्ष महारैली:गांधी भवन से कलेक्टर कार्यालय तक निकलेगी रैली, सौंपेंगे ज्ञापन




भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी। इंदौर शहर कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 27 अक्टूबर को जनसंघर्ष महारैली निकाली जाएगी। कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए सरकार की नीतियों, आम जनता से जुड़े मुद्दों और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाएगी। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों के साथ मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग भी करेगी। कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर महारैली आयोजित की जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों तथा जनता की समस्याओं के विरोध में यह प्रदर्शन किया जाएगा। गांधी भवन से कलेक्टर कार्यालय तक निकलेगी रैली जनसंघर्ष महारैली 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होगी। रैली पढ़ीनाथ चौराहा, हरसिद्धि मंदिर और मोती तबेला होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। यहां कांग्रेस नेता राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। पार्टी निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को भी ज्ञापन में उठाएगी। सभी मोर्चा-संगठनों को जुटाने की तैयारी महारैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और प्रभारियों के साथ वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी, इंदौर शहर और जिला कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों को भी शामिल होने की अपील की गई है। इसके अलावा युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और अन्य मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समर्थकों के साथ पहुंचने का आह्वान किया गया है। पंचायतों के पंच, सरपंच और अन्य पदाधिकारियों से भी महारैली में शामिल होने की अपील की गई है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *