![]()
भोपाल में पुलिस ने 970 ग्राम MD ड्रग्स के साथ कर्नाटक के एक मैकेनिकल इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पानी की बोतलों में ड्रग्स छिपाकर दिल्ली से नागपुर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपए है। गोविंदपुरा पुलिस की टीम ने ISBT के पास दिल्ली से नागपुर जा रही अंतरराज्यीय यात्री बस को चेकिंग के लिए रोका था। इस दौरान यात्रियों की जांच करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 970 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। मैकेनिकल इंजीनियर है आरोपी, कर्नाटक का रहने वाला गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाख एएन निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह दिल्ली से नागपुर जा रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ड्रग्स जब्त कर ली है। नागपुर में किसे देनी थी ड्रग्स, नेटवर्क की तलाश पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच की जा रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और नागपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। तस्करी में शामिल अन्य लोगों और संभावित सप्लाई चेन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की कार्रवाई कर रही है। ISBT पर 18 दिन में ड्रग तस्करी के मामले इससे पहले भोपाल के ISBT पर 18 दिनों में ड्रग्स तस्करी के तीन मामले सामने आए थे। राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने अलग-अलग कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 16.064 किलो एम्फेटामाइन (सिंथेटिक ड्रग्स) जब्त की गई है। इसकी अनुमानित कीमत 12.85 करोड़ रुपए बताई गई है। तीनों मामलों में आरोपी लंबी दूरी की बसों से ड्रग्स लेकर जा रहे थे। पहला मामला: बैकपैक और पर्स में छिपाई थी ड्रग्स 14 अक्टूबर को DRI ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सफर कर रही 32 वर्षीय महिला को पकड़ा। तलाशी में उसके बैकपैक के गुप्त हिस्से से 1.885 किलो और पर्स से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई। कुल 2.604 किलो ड्रग्स की कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपए आंकी गई। महिला को NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। दूसरा मामला: सलवार सूट के पैकेटों में छिपाए थे ड्रग्स 20 अक्टूबर को DRI ने ISBT पर एक युवक को पकड़ा। वह दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सफर कर रहा था। उसके दो ट्रॉली बैग की तलाशी में सलवार सूट के पैकेटों के बीच छिपाए गए 11 प्लास्टिक पैकेट मिले। इनमें 9.139 किलो मेथामफेटामाइन थी। इसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपए आंकी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा मामला: पैंट में छिपाकर ले जा रहे थे ड्रग्स 1 नवंबर को DRI ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों दिल्ली से बस में भोपाल पहुंचे थे। इनके पास से 4.321 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुई। एक आरोपी के बैग से 8 पैकेट में 4.071 किलो ड्रग्स मिली, जबकि दूसरे ने 250 ग्राम ड्रग्स पैंट के अंदर काले पाउच में छिपा रखी थी। इसकी कुल कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपए बताई गई।
publish_date
भोपाल में 2.25 करोड़ की ड्रग्स के साथ इंजीनियर गिरफ्तार:बस से नागपुर जा रहा था; पानी की बोतलों में छिपा रखी थी 970 ग्राम MD
