![]()
बड़वानी जिले के पाटी थाना क्षेत्र के मेघा गांव के स्कूल फलिया में मंगलवार शाम एक मकान में आग लग गई। घर में रखा करीब 10 क्विंटल कपास जल गया। नुकसान करीब 80 हजार रुपए का बताया जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। थाना प्रभारी आरडी यादव ने बताया कि मेघा निवासी दयाराम पिता गरदन डुडवे खेत में काम करने गए थे। उनकी बहू मंजुला ने घर से आवाज लगाकर बताया कि मकान में आग लग गई है। दयाराम घर पहुंचे तो कपास में आग लगी थी। सूखा कपास होने से आग तेजी से फैल गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर बड़वानी से फायर ब्रिगेड भी पहुंची। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। तब तक करीब 10 क्विंटल कपास जल चुका था। मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। किसान भारत पिता दयाराम डुडवे ने बताया कि छह महीने की मेहनत से तैयार फसल आग में नष्ट हो गई। परिवार कपास बेचकर अपनी जरूरतें पूरी करने की योजना बना रहा था। आग किस कारण लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस को सूचना दी गई है। किसान ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
publish_date
मकान में लगी आग से 10 क्विंटल कपास जला:महिला ने चिल्लाकर लोगों को बुलाया, करीब 80 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान
