Headlines

रायसेन में गर्भवती की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा:डॉक्टर और नर्स को कमरे में बंद करना पड़ा, परिजन का आरोप- ड्यूटी डॉक्टर नहीं पहुंचीं




रायसेन अस्पताल में सोमवार शाम आठ माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। गुस्साए परिजनों और उनके साथ आए लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। हालात बिगड़ने पर अस्पताल में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, रितु वर्मा (पति नारायण सिंह) को सोमवार शाम करीब 4 बजे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। वह आठ माह की गर्भवती थी और उसकी पहली डिलीवरी होनी थी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर करने के बाद एम्बुलेंस मिलने में एक घंटे से ज्यादा की देरी हुई। इस दौरान रितु की हालत बिगड़ती गई। एम्बुलेंस में शिफ्ट करने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। ड्यूटी के समय निजी अस्पताल में होने का आरोप महिला की मौत के बाद ड्यूटी डॉक्टर की मौजूदगी पर भी सवाल उठे। बताया गया कि महिला चिकित्सक डॉ. ज्योत्सना भीमते की सोमवार को दोपहर 2 से रात 8 बजे तक जिला अस्पताल में ड्यूटी थी। मृतका की पड़ोसी ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टर एक निजी अस्पताल में थीं। जिला अस्पताल की नर्स लगातार फोन पर उनसे संपर्क कर रही थी और महिला की गंभीर हालत की जानकारी दे रही थी, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचीं। बहन बोली- समय पर इलाज मिलता तो बच जाती जान मृतका की बहन सविता वर्मा ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने के बाद भी उनकी बहन को समय पर उचित इलाज नहीं मिला। भोपाल रेफर किए जाने के बाद एम्बुलेंस के लिए भी एक घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। हंगामा देर रात तक चलता रहा।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *