दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर आया मेल, विदेशी IP एड्रेस का इस्तेमाल




ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर दो दिन पहले एक धमकी भरा मेल आया है। इस मेल में 15 नवंबर को पंजाबी सिंगर ‘दिलजीत दोसांझ’ के इंदौर में होने जा रहे कॉन्सर्ट में मंच को आईईडी (बम) से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह मेल दो दिन पहले आया है। जिसको लेकर ग्वालियर पुलिस व भोपाल एसटीएफ हरकत में आ गए हैं। पुलिस मेल के बाद अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस ने न्यायालय और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। धमकी भरे मेल आने की पुष्टि ग्वालियर एसपी सुतकीर्ति सोमवंशी ने की है। मेल जिस आईपी एड्रेस से किया गया है, वह विदेशी नेटवर्क बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को डी-कोड करने का प्रयास कर रही है। इंदौर में 15 नवंबर को पंजाबी सिंगर ‘दिलजीत दोसांझ’ का कॉन्सर्ट होने जा रहा है। इसको लेकर लगातार धमकी भरे ई-मेल आ रहे हैं। लगातार मध्यप्रदेश सरकार को चेतावनी दी जा रही है कि यह कॉन्सर्ट न किया जाए। इसको लेकर पिछले सप्ताह इंदौर में धमकी भरा ई-मेल आया था। जिसके बाद से पुलिस अलर्ट थी, लेकिन अब ग्वालियर हाईकोर्ट के मेल आईडी पर एक ई-मेल आया है। जिसमें साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि ‘दिलजीत दोसांझ’ के होने वाले कार्यक्रम में मंच को आईईडी (बम) लगाकर विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा। इस धमकी मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस अलर्ट हो गई है। धमकी से भोपाल राजधानी के अलावा इंदौर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। दो एजेंसियां कर रही हैं जांच, विदेशी आईपी एड्रेस का उपयोग इस मामले में धमकी भरे ई-मेल की जांच दो एजेंसियां कर रही हैं। ग्वालियर और इंदौर पुलिस के अलावा इस मामले में भोपाल एसटीएफ भी लगातार जांच कर रही है। जिस मेल से धमकी आई है, उसका आईपी एड्रेस विदेशी आ रहा है, लेकिन पुलिस को पता है कि आजकल साइबर एक्सपर्ट पुलिस के रडार पर आने से बचने के ​लिए फेक आईपी एड्रेस का उपयोग करते हैं, जिससे पुलिस उन तक न पहुंच सकें। ग्वालियर में हाईकोर्ट व जज बंगलों की बढ़ाई सुरक्षा इस धमकी का ग्वालियर से कोई लेनादेना नहीं है, लेकिन अलर्ट रहते हुए ग्वालियर पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा का पहरा कड़ा कर दिया गया है। इंदौर, दिल्ली और मुंबई में भी कॉन्सर्ट को लेकर धमकी थी इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली में उनके प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा संबंधी इनपुट के कारण पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी। हालांकि, बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी मिल गई और 30 अक्टूबर को शो हुआ। 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी। अब 15 नवंबर को इंदौर के कॉन्सर्ट को लेकर ग्वालियर हाईकोर्ट के मेल पर धमकी आई है। इससे पहले इंदौर में भी धमकी दी गई थी।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *