शाजापुर में चलती 4 कारों पर पथराव:गाड़ियों के शीशे टूटे, दुपाड़ा रोड पर ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी




शाजापुर के लालघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुपाड़ा रोड पर सोमवार शाम उपद्रवियों ने चलती गाड़ियों पर पथराव कर दिया। पत्थरबाजी की इस घटना में 3 से 4 चारपहिया वाहनों के कांच टूट गए, हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन सवार यात्री बाल-बाल बच गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से इस मार्ग पर सफर करने वाले चालकों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। एक के बाद एक गाड़ियों पर फेंके गए पत्थर जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे करेड़ी नाका के आगे दुपाड़ा रोड पर इंदौर निवासी धरम इंगले अपनी ग्लैंझा कार से मां बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी अचानक किसी ने उनकी गाड़ी पर पत्थर मारा। इससे कार के कंडक्टर साइड का पिछला कांच चकनाचूर हो गया। इसी दौरान आगर मालवा से शाजापुर आ रहे हीरपुर टेका भरड़ निवासी जितेंद्र कुम्हार की ग्रैंड आई-10 कार पर भी हरणगांव टर्न के पास पथराव किया गया, जिससे उनकी कार का कांच भी टूट गया। इसके अलावा दो अन्य गाड़ियों को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। पहले भी हो चुकी हैं वारदातें, यात्रियों में डर दुपाड़ा रोड पर पथराव की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक बोलेरो गाड़ी सहित अन्य वाहनों पर पत्थरबाजी हो चुकी है। पिछली घटना में तो वाहन की पिछली सीट पर बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल भी हो गई थी। इस तरह बार-बार हो रही घटनाओं से इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इलाके में पुलिस चेकिंग शुरू पुलिस मौके पर पहुंचा और आसपास के इलाके व झाड़ियों में टॉर्च जलाकर सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि एक ही इलाके में बार-बार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए प्रभावित मार्ग पर पुलिस चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं। पुलिस दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों को चिन्हित कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *