Headlines

शिवपुरी में डंपर ने तोड़े बिजली के खंभे:तार झोपड़ियों में गिरने से महिला-बच्चों समेत कई घायल, आदिवासियों ने किया चक्काजाम




शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के परिच्छा गांव में शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बिजली के दो खंभे टूट गए। बिजली के तार सड़क किनारे बनी करीब 8 झोपड़ियों में जा गिरे, जिससे वहां रह रहे आदिवासी परिवारों के एक दर्जन से अधिक लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में महिला-बच्चों समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज आदिवासी परिवारों ने रविवार को शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वे हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और आवास योजना के तहत पक्के मकान दिलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस और प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे में जाम खुल सका। बजरी खाली करते समय हुआ हादसा जिला अस्पताल में उपचार करा रहीं कमलेश आदिवासी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब डंपर से बजरी खाली की जा रही थी। वहां मौजूद लोग डंपर चालक को रोकने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह नहीं माना। डंपर आगे बढ़ा तो बिजली के खंभे टूट गए और तार झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को अपनी चपेट में लेते चले गए। हादसे के दौरान कुछ लोग पास में खोदे गए गड्ढे में भी जा गिरे। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला-बच्चे समेत कई घायल, जिला अस्पताल में भर्ती हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां सम्मा आदिवासी पत्नी राम सिंह आदिवासी, 7 वर्षीय कृष्ण आदिवासी निवासी चकरा, तहसील कोलारस, रीना आदिवासी पत्नी रूप सिंह आदिवासी, कमलेश आदिवासी निवासी कंचनपुरा, तहसील बदरवास, 7 वर्षीय मीठी आदिवासी पुत्री वीरेंद्र आदिवासी और कोमल आदिवासी निवासी परिच्छा भर्ती हैं। सभी का उपचार जारी है। रविवार को हादसे से नाराज आदिवासी परिवारों ने परिच्छा गांव के पास शिवपुरी-पोहरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई और उनकी मांगों पर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और रास्ते पर यातायात बहाल हो सका।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *