![]()
अनूपपुर जिले में रविवार को छठ पर्व पर नदी और तालाब घाटों पर श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। अनूपपुर और अमरकंटक के घाटों पर हजारों लोगों ने छठी मैया और भगवान सूर्य की पूजा की। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने परिवार के स्वास्थ्य, बच्चों के भविष्य और देश-क्षेत्र की उन्नति की कामना की। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा। सामतपुर तालाब से अमरकंटक के रामघाट तक जुटे श्रद्धालु जिला मुख्यालय के सामतपुर तालाब, सोन और तिपान नदी के तट, जमुना कॉलोनी, भालूमाड़ा, बिजुरी और रामनगर के तालाब घाटों पर श्रद्धालु पहुंचे। अमरकंटक के रामघाट पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने पूजा की। व्रती महिलाएं और पुरुष पूजा के डाले, सूप, फल, नारियल, गन्ना और अन्य सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे। उन्होंने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ के गीत और पारंपरिक लोकगीत गूंजते रहे। जमुना कॉलोनी छठ तालाब घाट और भालूमाड़ा के केवई नदी घाट पर भी भीड़ जुटी। अलग-अलग समुदायों के लोगों ने पर्व में हिस्सा लिया। देखिए चार तस्वीरें… कलेक्टर और अपर कलेक्टर ने परिवार के साथ की पूजा जिला मुख्यालय के सोन नदी तट पर कलेक्टर रत्नाकर झा ने परिवार के साथ पूजा की। अमरकंटक के रामघाट पर अपर कलेक्टर बलवीर रमन भी परिवार के साथ पहुंचे और अनुष्ठान में शामिल हुए। रामघाट पर श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद आरती की। पसान नगर पालिका परिषद की छठ पूजा समिति और पुलिस प्रशासन ने आयोजन में सहयोग किया। अमरकंटक में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए थाना पुलिस, नगर परिषद का अमला और पटवारी हल्का के कर्मचारी तैनात रहे। देर शाम तक घाटों पर उल्लास और मेले जैसा माहौल बना रहा।
publish_date
अनूपपुर-अमरकंटक के घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया:छठ पूजा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पर्व का समापन होगा
