![]()
मंडला-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर अंजनिया के पास मेढ़ाताल में सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायल 65 वर्षीय बुद्धेश्वर की मंगलवार को मौत हो गई। उन्होंने जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल बाकी लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सोमवार शाम करीब 4 बजे मेढ़ाताल के पास स्कॉर्पियो और क्रेटा कार की आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार आठ लोग घायल हुए थे। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। इसमें क्रेटा कार ट्राले के पीछे से आती दिखती है और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा जाती है। दोनों गाड़ियों में सवार थे आठ लोग स्कॉर्पियो में मंडला के वरिष्ठ भाजपा नेता रोचिराम गुरवानी के बेटे मनोज गुरवानी, उनकी पत्नी और दो बेटे सवार थे। वहीं, क्रेटा में रायपुर का सिन्हा परिवार वृंदावन जा रहा था। इसमें बुद्धेश्वर, उनकी पत्नी शकुंतला, निधि और नंदकिशोर सवार थे। हादसे में बुद्धेश्वर और उनकी पत्नी शकुंतला की हालत गंभीर थी। दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। एसपी ने रुकवाया था वाहन, घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे के समय एसपी राजेश रघुवंशी बिछिया से मंडला लौट रहे थे। उन्होंने हादसा देखकर अपना वाहन रुकवाया और घायलों की मदद की। कुछ घायलों को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। एसपी ने बताया कि सोमवार शाम दो गाड़ियों की टक्कर में सात से अधिक लोग घायल हुए थे। सभी को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। बुद्धेश्वर की मंगलवार को जबलपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
publish_date
मंडला हाईवे हादसे में घायल बुजुर्ग की मौत:मेढ़ाताल में स्कॉर्पियो-क्रेटा की टक्कर में घायल हुए थे, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा
