Headlines

40 सेकंड के प्रोमो से देशभर में हुआ विरोध:एक्टर विशाल बोले-फिल्म रिलीज हुई तो बदला दर्शकों का नजरिया: देशभर में 8 FIR दर्ज हुईं




फिल्म के 40 सेकंड के प्रोमो ने ऐसा विवाद खड़ा किया कि रिलीज से पहले ही अभिनेता विशाल मोहन को देशभर में विरोध का सामना करना पड़ा। फिल्म का शुरुआती नाम ‘यादवजी की लव स्टोरी’ था, जिस पर यादव समाज के लोगों ने आपत्ति जताई थी। विरोध के बाद फिल्म का नाम बदलकर ‘लव स्टोरी: अभिमन्यु’ कर दिया गया। अब 30 अक्टूबर को फिल्म रिलीज होने के बाद अभिनेता का कहना है कि जिन लोगों ने पहले विरोध किया था, उनमें से भी कई दर्शक फिल्म देखकर उसकी सराहना कर रहे हैं। शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब के ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में पहुंचे विशाल मोहन ने विवाद और फिल्म की कहानी को लेकर अपना पक्ष रखा। विशाल ने बताया कि फिल्म में उनके किरदार का नाम वसीम अख्तर है। वह एक मुस्लिम बच्चा है, जिसके माता-पिता की मृत्यु के बाद यादव परिवार उसे तीन साल की उम्र से पालता है। अभिनेता ने कहा कि तीन साल के बच्चे से यह नहीं पूछा जा सकता कि वह मुस्लिम है या यादव। उस उम्र में उसे इन पहचानों की समझ नहीं होती। परिवार ने उसका नाम नहीं बदला, लेकिन उसे अपनी हिंदू संस्कृति और संस्कारों के साथ बड़ा किया। विशाल के मुताबिक किरदार ने अपने पालन-पोषण करने वाले परिवार के संस्कारों और मर्यादा का सम्मान किया है। अभिनेता ने कहा- विवाद फिल्म का नहीं, 40 सेकंड के प्रोमो का था अभिनेता ने कहा कि फिल्म की कहानी देखे बिना केवल 40 सेकंड के प्रोमो के आधार पर विरोध शुरू हो गया था। इस दौरान देशभर में प्रदर्शन हुए और उनके खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज हुईं। विशाल ने कहा कि विवाद के दौरान उन्हें गालियां भी मिलीं और उनकी सहकलाकार प्रगति तिवारी को भी काफी कुछ झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक कलाकार चाहता है कि उसकी पहचान उसके अभिनय से बने, न कि किसी विवाद से। फिल्म रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर एक से दो हजार रील्स के जरिए उनके अभिनय की सराहना की जा रही है। उनके मुताबिक, पहले विरोध करने वाले कुछ लोग भी अब फिल्म देखने के बाद सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इंदौर में चलाया था एक्टिंग इंस्टीट्यूट विशाल ने बताया कि मुंबई जाने से पहले वे इंदौर में करीब पांच साल तक यूथ विंग्स इंडिया नाम से एक्टिंग, मॉडलिंग और डांसिंग इंस्टीट्यूट चलाते थे। इसके बाद टीवी शोज में लीड भूमिकाएं कीं और कई कमर्शियल विज्ञापनों में काम किया। फिल्मों में आगे बढ़ने के लिए उन्होंने कुछ समय का ब्रेक लेकर खुद को बतौर अभिनेता तैयार किया। आगामी प्रोजेक्ट्स में उनकी फिल्म ‘आशिकी इंतहा’ शामिल है, जो राजस्थानी भाषा में ‘लाडो बाईसा’ नाम से भी रिलीज होगी। इसके अलावा वे साउथ सिनेमा में भी एक बड़े प्रोजेक्ट में खलनायक की भूमिका निभाने जा रहे हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *