8 लाख की पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल:गन्नई के ग्रामीण बोले- घटिया सामग्री लगा रहे; जनपद सीईओ ने दोबारा जांच की बात कही




सिंगरौली जिले की देवसर जनपद पंचायत के गन्नई गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक बनाई जा रही पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। करीब 8 लाख रुपए की लागत से बन रही इस सड़क में तय मानकों का पालन नहीं होने का आरोप लगाया गया है। सड़क का निर्माण मुख्य मार्ग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक बाउंड्री के अंदर पांचवें राज्य वित्त आयोग की राशि से कराया जा रहा है। सड़क की मोटाई और सामग्री पर उठाए सवाल ग्रामीण अजय रावत ने आरोप लगाया कि निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं हो रहा है। सड़क के बीच में मिट्टी डाली जा रही है, जबकि किनारों और ऊपरी हिस्से में गिट्टी व अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पीसीसी की मोटाई भी तय मानक के अनुसार नहीं है। सेटिंग प्लेट की जगह लकड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क की सतह समतल नहीं बन रही। ग्रामीण मिथलेश कुमार ने सीमेंट कम और बालू-गिट्टी ज्यादा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मशीनों से जल्दबाजी में काम पूरा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इस तरह बनी सड़क ज्यादा मजबूत नहीं होगी। शिकायत मिलने पर निरीक्षण कराया देवसर जनपद पंचायत के कार्यपालन अधिकारी सूरज मिश्रा ने बताया कि पंचायत में सड़क की जरूरत थी, लेकिन बजट उपलब्ध नहीं था। इसके बावजूद डीएफ सहित अन्य मदों से राशि जुटाकर निर्माण कराया जा रहा है। मिश्रा ने कहा कि सड़क में मुरम जैसी मिट्टी डालकर उसके ऊपर पीसीसी किया जा रहा है। गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली थी, जिस पर निरीक्षण भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि कमी मिलने पर दोबारा जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *