![]()
शाजापुर में समाचार प्रकाशित करने की बात को लेकर बुधवार दोपहर एबीवीपी नेताओं ने एक पत्रकार के साथ मारपीट कर दी। सिटी रिपोर्टर अनिल माहौर ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के छात्र नेताओं पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने चार छात्र नेताओं समेत पांच लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया है। फोन कर कॉलेज में मिलने बुलाया लालघाटी थाना प्रभारी हेमंत पटेल के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:20 बजे प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन महाविद्यालय में अनिल माहौर के साथ मारपीट हुई। अनिल, रामस्वरूप माहौर के बेटे हैं। उनकी उम्र 26 साल है। वे मूल रूप से श्योपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल शाजापुर की आदर्श कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, अभाविप छात्र नेता मनोज जाट ने अनिल को फोन कर कॉलेज में मिलने बुलाया था। वहां मनोज जाट, पवन गुर्जर, वीर जाट, आयुष शर्मा और एक अन्य व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की। अनिल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें जातिसूचक शब्द कहे गए, गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। अनिल माहौर ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचकर एएसपी महेंद्र तारणेकर को शिकायत दी थी। इसके बाद लालघाटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। एससी-एसटी एक्ट समेत 7 धाराओं में केस पुलिस ने अनिल की शिकायत पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम, 1989 की धाराओं 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वीए) और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 296(बी), 3(5) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच पुलिस के मुताबिक, कॉलेज में हुई मारपीट के सीसीटीवी फुटेज लेने के लिए टीम पहुंची थी। आरोप है कि पुलिस के सामने दो बार कॉलेज की बिजली बंद की गई। पुलिस का यह भी कहना है कि उसके पहुंचने से पहले सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। कॉलेज में हंगामों से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन महाविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच गतिविधियां बढ़ी हैं। आरोप है कि कॉलेज परिसर में होने वाले हंगामों से नियमित कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं और पढ़ाई का माहौल बिगड़ रहा है। नियमित विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
publish_date
शाजापुर में ABVP नेताओं ने पत्रकार को पीटा:कॉलेज में बुलाकर जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी दी; 5 पर केस
