इंदौर में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से छह बसें जल गईं। इनमें चार बसें पहले से ही कबाड़ की स्थिति में थीं, जबकि दो चालू हालत में थीं।
.
आग लगने के बाद डिपो में खड़ी दूसरी बसों तक लपटें पहुंचने की आशंका से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना ने डिपो में बसों की सुरक्षा और रखरखाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, डिपो में एआईसीटीएसएल की करीब 500 बसें खड़ी हैं। इनमें लगभग 200 बसें कबाड़ की स्थिति में पहुंच चुकी हैं। इन्हें न तो सुधारा जा रहा है और न ही डिपो से हटाया जा रहा है। इन बसों के बीच पुराने टायर, गाड़ियों की सीटें और दूसरे पार्ट्स बिखरे पड़े हैं।
परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर भी लगे हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में लपटों के तेजी से फैलने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद डिपो में आग बुझाने के पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है।

इस तरह से कबाड़ हो रही हैं बसें।
हवा के कारण तेजी से फैली आग, छह बसें चपेट में आईं
बुधवार रात लगी आग की शुरुआती वजह डिपो परिसर के पास पड़े कचरे को बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कचरे में लगी आग हवा के कारण तेजी से फैली और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गई। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।
आसमान में धुएं का घना गुबार उठता देख डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ आसपास खड़ी दूसरी बसों को भी सुरक्षित दूरी पर हटवाया। करीब दो घंटे तक पानी की बौछार करने के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस दौरान कुल छह बसें जल गईं। इनमें चार बसें पहले से कबाड़ की स्थिति में थीं, जबकि दो बसें चालू हालत में थीं। यानी आग से उन बसों को भी नुकसान पहुंचा, जिनका इस्तेमाल किया जा सकता था।

200 बसें कबाड़, पुराने टायर और पार्ट्स के बीच खड़ी हैं बसें
डिपो में करीब 500 बसें खड़ी हैं, लेकिन इनके रखरखाव की स्थिति ठीक नहीं है। लगभग 200 बसें ऐसी हैं, जो कबाड़ की स्थिति में पहुंच चुकी हैं।
इन बसों को परिसर से हटाने के बजाय वहीं खड़ा रखा गया है। इनके आसपास पुराने टायर, सीटें और बसों के दूसरे पार्ट्स बिखरे पड़े हैं। जगह-जगह कचरा जमा है। इससे न केवल डिपो में अव्यवस्था बनी हुई है, बल्कि आग जैसी घटना होने पर खतरा भी बढ़ जाता है।
कर्मचारियों के मुताबिक, डिपो से कचरा हटाने के लिए नगर निगम को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि कई बसें अच्छी स्थिति में खड़ी हैं, लेकिन समय पर मेंटेनेंस नहीं होने से वे भी धीरे-धीरे खराब हो रही हैं। डिपो में बसों को खड़ा करने की जगह तो है, लेकिन उनके रखरखाव और सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।

छह महीने में दूसरी बार आग, पिछली घटना के बाद भी नहीं हुए इंतजाम
डिपो में खड़ी बसों में आग लगने की छह महीने के भीतर यह दूसरी घटना है। शुरुआती तौर पर बुधवार रात आग लगने के पीछे कहीं से रॉकेट उड़कर आने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि आग किसी बाहरी कारण से लगी हो, तब भी डिपो में फैला कचरा और कबाड़ लपटों के तेजी से फैलने की वजह कैसे बना? छह महीने पहले भी आग लग चुकी है, लेकिन इसके बाद न तो कबाड़ बसों को हटाया गया और न ही फायर सेफ्टी के इंतजाम दुरुस्त किए गए।बुधवार रात दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर दूसरी बसों को बचा लिया, लेकिन डिपो की मौजूदा स्थिति में भविष्य में ऐसी घटना का खतरा बना हुआ है।
ये खबर भी पढ़ें…
इंदौर चार्टर्ड बस डिपो में भीषण आग…5 बसें जलकर खाक

दौर में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसे के वक्त डिपो परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने की आशंका से हड़कंप मच गया।पूरी खबर पढ़ें
