![]()
खंडवा के पंधाना क्षेत्र के ग्राम जामली खुर्द में रविवार रात दीपावली पर हुई आतिशबाजी के दौरान एक किसान के गोडाउन में आग लग गई। आग में आगामी फसल के लिए रखा गेहूं और अरबी का बीज, खाद की बोरियां, कुट्टी मशीन, ड्रिप पाइप और पशुओं का भूसा जलकर खाक हो गया। गोडाउन के टिन शेड को भी नुकसान पहुंचा है। किसान को करीब 2 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत शेखपुरा के जामली खुर्द में किसान हौसीलाल पटेल का गोडाउन है। उन्होंने यहां अगली फसल की तैयारी के लिए गेहूं की बिजाई के बीज, अरबी के बीज और डीएपी, एनपीके व यूरिया खाद की बोरियां रखी थीं। इसके अलावा खेती में इस्तेमाल होने वाली कुट्टी मशीन, ड्रिप सिंचाई के पाइप और पशुओं के लिए भूसा भी रखा था। इसी दौरान गोडाउन में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग फैल गई और अंदर रखा सामान जलने लगा। गोडाउन से लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी डालकर बुझाई आग आग को फैलने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी डालकर बुझाने की कोशिश की। काफी देर तक मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक गोडाउन में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग से टिन शेड को भी काफी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह आतिशबाजी बताई जा रही है। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है। किसान को करीब 2 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आग में आगामी फसल के लिए जुटाया गया बीज और खाद भी जल गया।
publish_date
आतिशबाजी से किसान के गोडाउन में लगी आग:गेहूं बीज से लेकर खाद की बोरियां तक जलीं; लाखों का नुकसान
