उज्जैन के भूखी माता मंदिर रोड पर आश्रम और गोशाला बनवा रहे निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव महाराज को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया है।
.
मुंबई की एक महिला द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने के बाद अखाड़े ने यह कार्रवाई की है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि आरोपों की गंभीरता और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अखाड़े ने यह निर्णय लिया है।
महामंडलेश्वर बनने के बाद अखाड़े के कार्यक्रमों में नहीं हुए शामिल
श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने बताया कि स्वामी इंद्रदेव महाराज को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की ओर से महामंडलेश्वर पद दिया गया था। हालांकि, पद मिलने के बाद से ही उनका अखाड़े की गतिविधियों से सक्रिय जुड़ाव नहीं रहा।
वह अखाड़े के धार्मिक, सामाजिक या अन्य किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। महिला की शिकायत और उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद अखाड़े ने मामले को गंभीरता से लिया और उन्हें पद से निष्कासित करने का फैसला किया।
एफआईआर के बाद दिए थे कार्रवाई के संकेत
करीब एक सप्ताह पहले उज्जैन पहुंचे अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने इंद्रदेव के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने पर कहा था कि अखाड़े के पंच इस मामले में बैठक करेंगे। इसके बाद उन्हें अखाड़े से निष्कासित करने की कार्रवाई की जाएगी। अब अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर पद से हटाने का निर्णय लिया है।
फेसबुक पर सत्संग के वीडियो देखकर महिला ने किया था संपर्क
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पारिवारिक समस्याओं के समाधान और घर में सुख-शांति के लिए धार्मिक कार्यक्रमों और प्रवचनों की तलाश कर रही थी। जनवरी 2023 में उसने फेसबुक पर डॉ. इंद्रदेव महाराज के पेज ‘संत इंद्रदेव’ पर उनके सत्संग के वीडियो देखने शुरू किए।
महिला के मुताबिक, टीवी पर सत्संग के दौरान उसे इंद्रदेव महाराज का मोबाइल नंबर मिला। 10 अप्रैल 2023 को उस नंबर पर संपर्क करने पर उसे मुंबई के सांताक्रुज पूर्व में सात दिवसीय सत्संग होने की जानकारी मिली। 12 अप्रैल को वह अपनी छोटी बेटी के साथ सत्संग में पहुंची। अगले दिन 13 अप्रैल को उसने इंद्रदेव से दीक्षा ली और कार्यक्रम के बाद घर लौट गई।
वृंदावन आश्रम में जबरदस्ती संबंध बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि 8 दिसंबर 2023 को वह दोबारा सत्संग कार्यक्रम में पहुंची और अपनी निजी समस्याएं बताईं। इस दौरान इंद्रदेव ने मदद का भरोसा देकर उससे लगातार बातचीत करने और सेवा करने के लिए कहा।
महिला का आरोप है कि इसके बाद इंद्रदेव उसे लगातार फोन और वीडियो कॉल कर परेशान करने लगे। वीडियो कॉल पर अश्लील बातचीत करने और अपने कपड़े उतारने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने वृंदावन स्थित आश्रम में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और घटना से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग डिलीट करने के लिए धमकाने का आरोप भी लगाया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। इसके बाद से वह लगातार अखाड़ा परिषद से इंद्रदेव को महामंडलेश्वर पद से हटाने की मांग कर रही थी।
———————————-
मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
1. हर्षानंद बोलीं-पहले इंद्रदेव थे, अब दूसरे वही कांड कर रहे

मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि ने निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कटाक्ष किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर संत समाज और अखाड़ा परिषद की चुप्पी पर सवाल उठाए। हर्षानंद ने कहा कि किसी भी संत पर अपराध साबित होने के बाद उसे गद्दी पर बने रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…
2. उज्जैन में आश्रम बना रहे महामंडलेश्वर पर यौन-उत्पीड़न का आरोप
उज्जैन के भूखी माता मंदिर रोड पर बड़े आश्रम और गोशाला बनवा रहे निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर इंद्रदेव के खिलाफ मुंबई की एक महिला ने यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। मुंबई पुलिस ने इंद्रदेव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पढें पूरी खबर…
