Headlines

चार महीने से वेतन नहीं मिला, शिक्षक ने पीया कीटनाशक:पत्नी बोली-घर में खाने तक के पैसे नहीं; पेंशन और बच्चों के लिए नौकरी मांगी




पन्ना जिले के शाहनगर जनपद क्षेत्र के रैपुरा अंतर्गत ग्राम जरगवां में शासकीय माध्यमिक टीचर भारत वंशकार (48) की आत्महत्या के मामले में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। शिक्षक ने गुरुवार को कीटनाशक पी लिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का आरोप है कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने और आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। पत्नी बोलीं- घर में खाने तक के पैसे नहीं थे मृतक की पत्नी केरा बाई ने बताया कि परिवार में कुल 12 सदस्य हैं। इनमें चार बेटे, दो बहुएं और अन्य आश्रित शामिल हैं। पिछले चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। बच्चों के खाने और दवाइयों तक के लिए पैसे नहीं बचे थे। पत्नी के मुताबिक, इसी आर्थिक और मानसिक तनाव के बीच पति ने घर में अकेले होने पर कीटनाशक पी लिया। बच्चों को नौकरी देने की मांग की मृतक के साढ़ू भाई सुंदर लाल बंसल ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर वेतन मिल जाता तो शिक्षक की जान बच सकती थी। उन्होंने शासन-प्रशासन से मृतक की पत्नी को पेंशन और आश्रित बच्चों को उचित आर्थिक सहायता व नौकरी देने की मांग की, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके। उपस्थिति पत्रक में अनुपस्थित दर्ज होने से अटका वेतन मामले में वेतन आहरण केंद्र रैपुरा के प्रभारी ने बताया कि बगरौड़ संकुल केंद्र के अधीन आने वाली कूंडा माध्यमिक शाला से भेजे गए उपस्थिति पत्रक में शिक्षक को अनुपस्थित दर्शाया गया था। इसी वजह से उनका वेतन आहरण नहीं हो पाया। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और कागजी प्रक्रिया के कारण शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिल पाता। घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *