![]()
भोपाल में आज शनिवार शाम कॉमेडी का माहौल जमने वाला है। स्टैंडअप कॉमेडियन आकाश मेहता अपना शो ‘मेरे यार की शादी’ लेकर शहर पहुंच रहे हैं। विद्या नगर स्थित ख्याल केंद्र सभागार में होने वाले इस शो में शादी की कहानी के साथ दुबई, अमीर लोगों की दुनिया, घोड़े और कई दिलचस्प किस्से कॉमेडी के अंदाज में पेश किए जाएंगे। आकाश मेहता ने वीडियो संदेश जारी कर भोपाल के दर्शकों को शो में आने का न्योता दिया है। इसके बाद रविवार को वे इंदौर में प्रस्तुति देंगे। शादी की कहानी में है ढेर सारा स्पाइस आकाश मेहता ने बताया कि वे शनिवार और रविवार को मध्यप्रदेश के भोपाल और इंदौर में शो करने आ रहे हैं। अपने शो के बारे में उन्होंने कहा कि ‘मेरे यार की शादी’ एक लंबी कहानी है, जिसमें स्पाइस, दुबई, अमीर लोग और घोड़े जैसे कई दिलचस्प पहलू हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद भी इस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं और दर्शकों से मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कौन हैं आकाश मेहता? आकाश मेहता मुंबई के स्टैंडअप कॉमेडियन, लेखक, अभिनेता और पॉडकास्टर हैं। वे अपने ऑब्जर्वेशनल ह्यूमर और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े किस्सों को मजेदार अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। उनके चर्चित कॉमेडी स्पेशल लाइफ राइट नाउ, नो स्मोकिंग और नैस्टी यूट्यूब पर उपलब्ध हैं। वे पॉडकास्टिंग और म्यूजिक से भी जुड़े हैं। वे नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘सोशल करेंसी’ के विजेता भी रह चुके हैं। भोपाल के बाद इंदौर में होगा शो भोपाल में शनिवार शाम 6:30 बजे विद्या नगर स्थित ख्याल केंद्र सभागार में शो होगा। वहीं, रविवार 15 नवंबर को इंदौर के स्टूडियो एक्सओ में शाम 5:30 बजे से आकाश मेहता प्रस्तुति देंगे। दोनों शहरों के दर्शक बुक माय शो के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं।
publish_date
भोपाल में आज आकाश मेहता का कॉमेडी शो:शादी के किस्सों में लगेगा हंसी का तड़का; रविवार को इंदौर में करेंगे शो
