दिवाली की रात एक्सीडेंट, 4 दिन बाद युवक की मौत:6 महीने पहले पिता को खोया था, परिवार में मां-छोटा भाई बचे; हादसे ने छीना घर का सहारा




खंडवा के बांदरला गांव के 20 साल के ध्रुव की शुक्रवार को इंदौर के निजी अस्पताल में मौत हो गई। दिवाली की रात करीब 9:30 बजे काम पर जाते समय उसकी बाइक हाईवे के बैरियर से टकरा गई थी। सिर में गंभीर चोट और खून जमने से उसकी हालत बिगड़ गई थी। परिवार ने इलाज के लिए लोगों से मदद मांगी। दानदाताओं ने भी पैसे दिए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। छह महीने पहले पिता को खो चुका ध्रुव परिवार का इकलौता सहारा था। अब परिवार में मां और पढ़ाई करने वाला छोटा भाई रह गए हैं। ध्रुव पिता गजानंद (20) बांदरला गांव का रहने वाला था। वह टाटा शोरूम में काम करता था। परिवार के पास सिर्फ 1.45 एकड़ खेती की जमीन है। उसका एक छोटा भाई स्कूल में पढ़ता है। छह महीने पहले बीमारी के कारण पिता की मौत हो गई थी। उनके इलाज और ऑपरेशन में परिवार पर पहले से कर्ज था। पिता के बाद ध्रुव ही घर का खर्च उठा रहा था। हाईवे के बैरियर से टकराई बाइक दिवाली की अमावस्या की रात करीब 9:30 बजे ध्रुव काम पर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक हाईवे पर लगे बैरियर से टकरा गई। हादसे में उसके कान-सिर पर गंभीर चोट आई। सिर में खून जम गया था। पहले उसे खंडवा जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने इंदौर के एमवाय अस्पताल भेज दिया। वहां सुधार नहीं होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों ने इलाज के लिए पैसे जुटाए इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए मुश्किल था। पिता के इलाज का कर्ज पहले से था। ऐसे में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से मदद मांगी गई। कई लोगों ने इलाज के लिए पैसे दिए। निजी अस्पताल में चार दिन इलाज चला। लेकिन शुक्रवार को ध्रुव की मौत हो गई। 6 महीने में परिवार ने खोए दो सहारे पिता की मौत के बाद ध्रुव ने घर की जिम्मेदारी संभाली थी। अब उसकी मौत से परिवार पर दूसरा बड़ा दुख टूट पड़ा है। छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। जिस बेटे से परिवार को सहारा मिलने की उम्मीद थी, वही अब दुनिया में नहीं रहा। शुक्रवार देर शाम ध्रुव का शव गांव लाया गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। गांव में शोक का माहौल है।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *