NHAI Fund Transfer Error | Advocate Returns Crores in Harda Case



नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की भुगतान प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही सामने आई है। हरदा प्रोजेक्ट के लिए हैदराबाद की एक फर्म को भेजे जाने वाले 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए गलती से सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए

.

करोड़ों रुपए की यह रकम गलत खाते में पहुंचने के बावजूद करीब 48 घंटे तक विभागीय अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

7 नवंबर 2026 को NEFT के जरिए इतनी बड़ी राशि खाते में जमा होने का मैसेज मिला तो बागड़िया भी हैरान रह गए। उन्होंने ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई और हरदा NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा से संपर्क कर भुगतान में हुई गलती की जानकारी दी।

इसके बाद अधिकारियों ने चूक स्वीकार करते हुए उनसे राशि लौटाने का आग्रह किया। बागड़िया ने 9 नवंबर को पूरी रकम NHAI को वापस कर दी।

गौरतलब है कि NHAI ने हाईकोर्ट में अपने मामलों की पैरवी के लिए अजय बागड़िया को सीनियर एडवोकेट नियुक्त किया है। ऐसे में विभाग की ओर से उनके खाते में इतनी बड़ी रकम पहुंचना भुगतान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

छह से सात स्तरों से गुजरती है भुगतान की फाइल, फिर भी हुई चूक

NHAI में किसी भी प्रोजेक्ट का भुगतान एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाता है। काम पूरा होने के बाद संबंधित प्रोजेक्ट अधिकारी उसका निरीक्षण करता है। इसके बाद तय मानकों के अनुरूप काम होने की रिपोर्ट तैयार कर प्रोजेक्ट डायरेक्टर को भेजी जाती है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद फाइल फाइनेंस सेक्शन में पहुंचती है।

फाइनेंस सेक्शन में भुगतान के लिए नोटशीट तैयार की जाती है और ठेकेदार के अधिकृत बैंक खाते का सत्यापन किया जाता है। इस दौरान संबंधित कर्मचारी और अधिकारी बैंक खाते के विवरण का क्रॉस चेक करते हैं।

पूरी भुगतान प्रक्रिया करीब छह से सात अधिकारी-कर्मचारियों के स्तर से गुजरती है। इसके बावजूद 34 करोड़ रुपए से अधिक की रकम गलत खाते में पहुंच जाना विभागीय जांच और भुगतान व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।

हैदराबाद की फर्म को किया जाना था भुगतान

हरदा में NHAI का एक प्रोजेक्ट चल रहा है, जिसका ठेका हैदराबाद की एक फर्म को मिला है। इसी प्रोजेक्ट के भुगतान के रूप में 34.32 करोड़ रुपए फर्म के अधिकृत बैंक खाते में भेजे जाने थे। लेकिन भुगतान के दौरान बैंक खाते का विवरण गलत दर्ज होने के कारण पूरी रकम अजय बागड़िया के खाते में पहुंच गई।

मामले में खास बात यह रही कि विभागीय अधिकारियों को गलती का पता चलने से पहले ही बागड़िया ने खुद संपर्क कर इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद उन्होंने दो दिन के भीतर पूरी राशि वापस कर दी। अब इस घटनाक्रम ने NHAI की भुगतान प्रक्रिया में बैंक खाते के सत्यापन और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *