आदिवासी समाज की झाबुआ में डीजे-बैंड पर रोक की मांग:कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन सौंपा, कहा- बाल विवाह और दहेज प्रथा पर कड़ी कार्रवाई हो




झाबुआ में आदिवासी समाज सुधार संगठन ने डीजे, बैंड और दूसरे ध्वनि यंत्रों को तेज आवाज में बजाने पर रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने बाल विवाह और दहेज प्रथा पर कार्रवाई के लिए गुरुवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में संगठन ने कहा कि शादी का सीजन शुरू होते ही डीजे, स्पीकर और बैंड तेज आवाज में बजाए जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और छोटे बच्चों को परेशानी होती है। स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ता है। संगठन ने आरोप लगाया कि पहले से लगी रोक के बावजूद ध्वनि यंत्र बजाए जा रहे हैं। उसने नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने और उपकरण जब्त करने की मांग की है। संगठन ने नाबालिग लड़के-लड़कियों की शादी पर भी चिंता जताई। उसने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में दलालों के जरिए शादी तय कराकर बड़ी रकम वसूली जाती है। ज्ञापन में बाल विवाह और दहेज प्रथा रोकने के लिए कानून के तहत कार्रवाई करने और नाबालिगों को संरक्षण देने की मांग की गई है। ज्ञापन पर आदिवासी समाज सुधार संगठन के कई सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।



publish_date

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *