![]()
रतलाम पुलिस ने गुरुवार को 100 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल लौटा दिए। इन मोबाइल की कीमत करीब 20 लाख रुपए है। पुलिस की साइबर टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से रतलाम सहित दूसरे जिलों से ये मोबाइल खोजे। इस साल अब तक पुलिस 300 गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटा चुकी है। गुरुवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी अमित कुमार और एएसपी विवेक कुमार लाल ने लोगों को उनके मोबाइल सौंपे। दीपावली से पहले अपना फोन वापस पाकर लोग खुश नजर आए। CEIR पोर्टल से खोजे मोबाइल एएसपी विवेक कुमार लाल ने बताया कि साइबर सेल ने केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल की जानकारी जुटाई। इसके बाद रतलाम के अलावा इंदौर, धार, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और झाबुआ सहित दूसरे जिलों से अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल मिले। जांच में पता चला कि ज्यादातर मोबाइल लोगों को रास्ते में गिरे हुए मिले थे। वे उन्हें इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने ऐसे लोगों को समझाया कि आगे से कोई गुम मोबाइल मिले तो उसे थाने में जमा कराएं। मोबाइल सुरक्षा-ठगी से बचने की जानकारी दी मोबाइल लौटाने के दौरान एसपी और एएसपी ने लोगों को फोन सुरक्षित रखने और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए। दीपावली पर ऑनलाइन खरीदारी करते समय सावधानी बरतने को भी कहा। एसपी ने अपील की कि किसी को गुम या लावारिस मोबाइल मिले तो उसे पास रखने के बजाय नजदीकी थाने में जमा कराएं। ऐसा करने वाले जागरूक लोगों को पुलिस उचित पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इस अभियान में निरीक्षक अमित कोरी, उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह और आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया सहित साइबर टीम की भूमिका रही।
publish_date
पुलिस ने 100 गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए:दीपावली से पहले मिली खुशी; रतलाम पुलिस ने इस साल 300 फोन खोजे
